उत्तराखंड के ऋषिकेश में गंगा स्नान के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। गुरुग्राम निवासी एक युवक गंगा की तेज धारा में डूबने लगा, लेकिन मौके पर मौजूद राफ्टिंग गाइड्स और ट्रेनर की सूझबूझ से उसकी जान बचा ली गई। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

गंगा की तेज लहरों में फंसा टूरिस्ट, हाथ उठाकर मांगी मदद
वीडियो में देखा जा सकता है कि युवक गंगा की तेज लहरों के बीच फंसा हुआ है और हाथ ऊपर उठाकर मदद की गुहार लगा रहा है। आसपास मौजूद लोग शोर मचाकर राफ्टिंग कर रहे गाइड्स को बुलाते हैं। इसी दौरान एक राफ्टिंग गाइड बिना देर किए गंगा में छलांग लगा देता है। पीछे से राफ्टिंग कर रहे लोग चिल्लाते हुए कहते सुनाई देते हैं— “जल्दी बचाओ, आज हो गया इसका काम।”
26 जनवरी को दोस्तों के साथ घूमने आया था ऋषिकेश
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, डूबने वाला युवक अविनाश, हरियाणा के गुरुग्राम का रहने वाला है। वह 26 जनवरी को अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए ऋषिकेश के शिवपुरी इलाके में आया था। सभी दोस्त युसूफ बीच के पास गंगा स्नान कर रहे थे।
पैर फिसलने से तेज धारा में बहा युवक
गंगा में नहाते समय अविनाश का अचानक पैर फिसल गया और वह तेज धारा में बहने लगा। वह काफी देर तक हाथ-पांव मारकर खुद को बचाने की कोशिश करता रहा, लेकिन जब सफल नहीं हुआ तो जोर-जोर से “बचाओ-बचाओ” चिल्लाने लगा। उसके दोस्तों ने तुरंत शोर मचाकर मदद मांगी।
दो राफ्टिंग गाइड्स ने दिखाई बहादुरी
वीडियो में साफ दिखाई देता है कि दो राफ्टिंग गाइड अपनी नाव लेकर मौके पर पहुंचे और युवक की ओर रस्सी फेंकी। पहली बार रस्सी अविनाश तक नहीं पहुंच पाई, लेकिन दूसरी कोशिश में उसने रस्सी पकड़ ली। रस्सी की मदद से उसे सुरक्षित नदी के किनारे लाया गया।
बेहोश हुआ युवक, CPR देकर बचाई गई जान
रेस्क्यू के बाद अविनाश बेहोश हो गया था। राफ्टिंग गाइड्स को ट्रेनिंग दे रहे राफ्टिंग ट्रेनर विपिन शर्मा तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्राथमिक उपचार के साथ CPR देकर युवक की जान बचाई। कुछ ही देर में उसकी हालत में सुधार हो गया।
गंगा स्नान के दौरान सावधानी बरतने की अपील
राफ्टिंग ट्रेनर विपिन शर्मा ने बताया कि पहाड़ों में हो रही बारिश के कारण इन दिनों गंगा का बहाव काफी तेज है। कई पर्यटक बिना सावधानी के तेज धारा में उतर जाते हैं, जो बेहद खतरनाक साबित हो सकता है। उन्होंने पर्यटकों से अपील की कि गंगा स्नान के दौरान सुरक्षा नियमों का पालन करें और तेज बहाव वाले इलाकों से दूरी बनाए रखें।
