गुरुग्राम के फरुखनगर स्थित खवासपुर गांव की रहने वाली एक महिला साइबर ठगी का शिकार हो गई। ठगों ने उन्हें स्कूल फीस के नाम पर झांसे में लेकर 62 हजार रुपये की ठगी कर डाली।

महिला ने बताया कि कुछ दिन पहले उनके पास एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को एक अभिभावक बताया और कहा कि वह अपने बेटे राहुल की स्कूल फीस जमा कराना चाहता है। उसने यह भी कहा कि स्कूल की मैडम ने कविता का नंबर दिया है और गूगल पे नंबर मांगा।
महिला ने जैसे ही गूगल पे नंबर साझा किया, उनके पास ₹80,000 भेजे जाने का फर्जी टेक्स्ट मैसेज आया और एक स्क्रीनशॉट भी भेजा गया। ठग ने कहा कि उसे सिर्फ ₹8,000 भेजने थे लेकिन गलती से ₹80,000 भेज दिए, इसलिए कृपया शेष रकम वापस कर दें।

विश्वास में आकर महिला ने अलग-अलग ट्रांजैक्शन में ₹62,000 वापस भेज दिए। इसके बाद जब उन्होंने बैंक बैलेंस चेक किया, तो अकाउंट पूरी तरह खाली था। तब जाकर उन्हें ठगी का एहसास हुआ।
पुलिस से अपील और चेतावनी:
महिला ने अब इस मामले की शिकायत साइबर क्राइम सेल में दर्ज कराई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी अनजान व्यक्ति से आए कॉल या ट्रांजैक्शन अनुरोध पर तुरंत विश्वास न करें और पहले उसकी पुष्टि जरूर करें।
गुरुग्राम पुलिस की सलाह:
- किसी को भी अपना यूपीआई या बैंक डिटेल शेयर न करें।
- फर्जी स्क्रीनशॉट के झांसे में न आएं।
- कोई भी बड़ी रकम ट्रांसफर करने से पहले बैंक या संबंधित व्यक्ति से पुष्टि करें।
- ठगी होने पर तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें।
