गुरुग्राम। सोहना के अंबेडकर चौक पर रोज़ाना लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से जल्द ही लोगों को राहत मिलने वाली है। गुरुग्राम–अलवर नेशनल हाईवे (NH-248A) पर यहां करीब 3 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। यह फ्लाईओवर दमदमा चौक से शुरू होकर निरंकारी बाबा गुरबचन सिंह मेमोरियल कॉलेज तक बनाया जाएगा। लोक निर्माण विभाग (PWD) के मुताबिक फरवरी के अंत तक निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा और दो साल में यह परियोजना पूरी कर ली जाएगी।

इस फ्लाईओवर के निर्माण पर करीब 300 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके बनने से सोहना शहर के सबसे व्यस्त अंबेडकर चौक पर ट्रैफिक दबाव काफी हद तक कम हो जाएगा। वर्तमान में दमदमा चौक से उतरने के बाद नूंह, अलवर और पलवल की ओर जाने वाले वाहन चालकों को यहां लंबा जाम झेलना पड़ता है।
अंबेडकर चौक पर क्यों बन रहा है फ्लाईओवर
अंबेडकर चौक पर सोहना–पलवल और सोहना–तावड़ू मार्ग मिलते हैं। ट्रक और डंपरों की अधिक आवाजाही के कारण यहां अक्सर जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे नूंह, फिरोजपुर झिरका और अलवर की ओर जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी होती है। इसी समस्या को देखते हुए सरकार ने फ्लाईओवर निर्माण का फैसला लिया है।
टेंडर प्रक्रिया पूरी, जल्द शुरू होगा काम
PWD बीएंडआर ने पिछले वर्ष इस परियोजना को लेकर टेंडर आमंत्रित किए थे। तकनीकी और वित्तीय बिड की प्रक्रिया पूरी होने के बाद टेंडर को केंद्र सरकार के पास भेजा गया, जिसे मंजूरी मिल चुकी है। अगले महीने चयनित कंपनी को टेंडर आवंटित कर दिया जाएगा।
प्रवेश–निकासी की रहेगी सुविधा
फ्लाईओवर पर अंबेडकर चौक पर प्रवेश और निकासी की व्यवस्था की जाएगी। पलवल की ओर जाने वाले वाहन नीचे से जा सकेंगे, जबकि तावड़ू से गुरुग्राम की ओर आने वाले वाहन फ्लाईओवर का उपयोग कर सकेंगे। इससे दमदमा चौक, बालूदा मोड़ और थाना शहर चौक पर भी जाम की समस्या कम होने की उम्मीद है।
लंबी दूरी के यात्रियों को बड़ी राहत
फ्लाईओवर बनने के बाद राजीव चौक से नूंह या अलवर जाने वाले वाहन चालकों को सोहना शहर में प्रवेश नहीं करना पड़ेगा। वे सीधे फ्लाईओवर से बाहर निकल सकेंगे। इससे नूंह, फिरोजपुर झिरका, नगीना, पुन्हाना, पिनगवां, तावड़ू, रेवाड़ी, पलवल, आगरा और मथुरा की ओर जाने वाले यात्रियों को सीधा फायदा मिलेगा।
PWD बीएंडआर के उपमंडल अधिकारी तपेश कुमार ने बताया कि नेशनल हाईवे 248A पर बनने वाला यह फ्लाईओवर क्षेत्र के ट्रैफिक को सुचारू बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।
