गुरुग्राम में सोहना के पास मुंबई एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार रात एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। शादी की तैयारियों की खुशी लेकर लौट रहे युवक की जिंदगी अचानक खत्म हो गई। उसके दो दोस्त इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के गांव जड़तोली निवासी राहुल जल्द ही दूल्हा बनने वाला था। 22 नवंबर को उसकी शादी तय थी। शादी से पहले वह अपने दोस्तों महेश और सचिन के साथ दिल्ली से कपड़े और सामान की खरीदारी कर रहा था। लौटते समय गांव खाइका के पास उनकी स्कॉर्पियो तेज रफ्तार में आगे बढ़ रही थी कि अचानक सामने चल रहे ट्रक ने जोर से ब्रेक लगा दिए।
तेज गति होने के चलते स्कॉर्पियो ट्रक से जा टकराई। टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। राहगीरों ने दौड़कर घायलों को बाहर निकाला और तुरंत नागरिक अस्पताल सोहना पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के दौरान राहुल को मृत घोषित कर दिया, जबकि महेश और सचिन को नाजुक हालत में दिल्ली रेफर किया गया है।
खुशियों का घर मातम में बदला
परिवार के अनुसार, शादी की तैयारियाँ जोरों पर थीं। रिश्तेदारों में खुशी का माहौल था, लेकिन अचानक एक हादसे ने सबकुछ खत्म कर दिया। घर में बजने वाली शहनाइयां अब मातम के सन्नाटे में बदल गईं।
ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज
एसीपी जितेंद्र कुमार ने बताया कि राहुल के शव का पोस्टमॉर्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने ट्रक चालक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के सही कारणों का पता लगाया जा रहा है।
