सोहना घाटी में देर रात उस समय हड़कंप मच गया जब गश्त कर रही अपराध शाखा की टीम को देखकर एक युवक बिना नंबर प्लेट की बाइक पर भागने लगा। तेज रफ्तार में भागते हुए वह संतुलन खो बैठा और सड़क पर गिर गया। पुलिस ने तुरंत उसे दबोच लिया।

गिरफ्तार युवक की पहचान शाहरुख (23 वर्ष), निवासी पीर कॉलोनी, गुरुग्राम के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। बाइक को भी जब्त कर लिया गया है।
भागने की कोशिश में हुआ घायल
घटना 7/8 फरवरी की रात की है। अपराध शाखा सोहना की टीम नियमित गश्त पर थी। पुलिस ने जब संदिग्ध युवक को रुकने का इशारा किया तो उसने बाइक तेज कर दी। कुछ दूरी पर वह फिसलकर गिर पड़ा। गिरने से उसके पैर में चोट आई, जिसके बाद उसे सेक्टर-10 स्थित सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उसे औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया।
14 वारदातों का खुलासा
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह बादशाहपुर, सोहना और भोंडसी इलाके में दुकानों को निशाना बनाता था। देर रात दुकानों के शटर के ताले तोड़कर या दीवार तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।
जांच में सामने आया है कि आरोपी जिले में 14 चोरी की घटनाओं में शामिल रहा है।
पहले से 23 मुकदमे दर्ज, ₹5 हजार का था इनाम
भोंडसी की परमिट लाइन में एक इलेक्ट्रॉनिक्स दुकान में चोरी के मामले में उसकी गिरफ्तारी पर ₹5,000 का इनाम घोषित था। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, उसके खिलाफ गुरुग्राम में चोरी के 23 मामले पहले से दर्ज हैं।
