गुरुग्राम जिले के सोहना थाना क्षेत्र की पीर कॉलोनी में 16 फरवरी को हुई लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। युवक पर कैंची से हमला कर नकदी लूटने के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है।

कार में बैठे युवक पर किया हमला
थाना प्रभारी रविंद्र सिंह के अनुसार, पीर कॉलोनी निवासी राकेश ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वह अपनी कार में बैठकर रुपए गिन रहा था। इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवक उसके पास पहुंचे। अचानक एक आरोपी ने कैंची से उस पर हमला कर दिया और उसके पास रखे करीब 3 हजार रुपये छीन लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद तीनों मौके से फरार हो गए।
सीसीटीवी फुटेज से मिली सुराग
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और स्थानीय लोगों से पूछताछ की गई। जांच के दौरान आरोपियों की पहचान अंकित और विनोद के रूप में हुई। तीसरा आरोपी नाबालिग पाया गया।
वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद
पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई बाइक बरामद कर ली है। गुरुवार को आरोपियों को सोहना कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई के लिए भेजा गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच जारी है। यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।
