सुभाष चौक पर सर्विस रोड बंद, गुरुग्राम–सोहना हाईवे पर लगा भीषण जाम, आधे शहर की पानी सप्लाई प्रभावित

गुरुग्राम–सोहना हाईवे पर सुभाष चौक के पास सर्विस रोड बंद किए जाने से शुक्रवार को ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। एनएचएआई द्वारा सर्विस रोड को बंद कर ट्रैफिक को सुभाष चौक अंडरपास के रास्ते डायवर्ट किए जाने के कारण सोहना से गुरुग्राम की ओर आने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। ट्रैफिक का दबाव इतना अधिक रहा कि वाटिका चौक तक जाम की स्थिति बनी रही।

1600 एमएम की पाइपलाइन क्षतिग्रस्त, सड़क पर बहा पानी

सोहना से गुरुग्राम की तरफ सुभाष चौक से ठीक पहले पेट्रोल पंप के पास जीएमडीए की 1600 एमएम क्षमता की पेयजल पाइपलाइन गुरुवार रात क्षतिग्रस्त हो गई। पाइपलाइन टूटने से भारी मात्रा में पानी सड़क पर फैल गया। सूचना मिलने पर जीएमडीए के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मरम्मत कार्य शुरू किया गया।

बारिश बनी बाधा, सर्विस रोड की दो लेन खोदी गईं

पाइपलाइन ठीक करने के लिए सर्विस रोड की तीन में से दो लेन खोद दी गईं। शुक्रवार सुबह बारिश शुरू होने से मरम्मत कार्य में दिक्कत आई। केवल एक लेन से वाहनों की आवाजाही होने के कारण ट्रैफिक की रफ्तार बेहद धीमी रही और जाम की समस्या गंभीर हो गई।

ट्रैफिक डायवर्जन से बढ़ी परेशानी

एनएचएआई और ट्रैफिक पुलिस ने मिलकर वाहनों को सुभाष चौक अंडरपास से राजीव चौक की ओर डायवर्ट किया। सुभाष चौक से मिलेनियम सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन, हीरो होंडा चौक या सोहना रोड की ओर जाने वाले वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। चौक बंद होने के कारण लोगों को पांच से आठ किलोमीटर तक लंबा चक्कर लगाना पड़ा।

साढ़े 11 घंटे बंद रहा चंदू बुढेड़ा वाटर ट्रीटमेंट प्लांट

1600 एमएम की पेयजल लाइन क्षतिग्रस्त होने के चलते चंदू बुढेड़ा स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को रात 10 बजे बंद करना पड़ा। इस प्लांट की कुल 400 एमएलडी क्षमता में से 300 एमएलडी की सप्लाई प्रभावित रही। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 9 बजे के बाद पानी की आपूर्ति बहाल की गई। फिलहाल अधिकारी यह सुनिश्चित करने में जुटे हैं कि दोबारा लीकेज न हो।

कई सेक्टरों में ठप रही पानी की सप्लाई

पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने से शहर के बड़े हिस्से में पानी की सप्लाई बाधित रही। सेक्टर-31 से लेकर सेक्टर-115 तक पानी नहीं पहुंच पाया। इसके अलावा सेक्टर-10ए, सेक्टर-37सी और 37डी के निवासियों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। पानी न आने से लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित रहा।

More From Author

डैश कैम में कैद गुरुग्राम का खौफनाक हादसा, रॉन्ग साइड फॉरच्यूनर ने उड़ाए कार के परखच्चे

सोशल मीडिया की दोस्ती बनी खौफनाक साजिश, युवक के साथ जो हुआ वो जानकर दहल जाएंगे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *