गुरुग्राम के धनवापुर इलाके में कुख्यात बदमाश सुनील उर्फ तोता की प्रॉपर्टी को तोड़ने पहुंची पुलिस और नगर निगम की टीम को उस समय बैरंग लौटना पड़ा, जब परिजनों ने कोर्ट का स्टे ऑर्डर और प्रॉपर्टी से जुड़े दस्तावेज दिखाए। करीब डेढ़ घंटे तक चले दस्तावेजों के सत्यापन के बाद नगर निगम के नोडल अधिकारी आरएस बाठ के नेतृत्व में पहुंचा बुलडोजर दस्ता बिना तोड़फोड़ के वापस लौट गया।

हालांकि, नगर निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स बकाया होने और आवश्यक अनुमतियां न होने के चलते बिल्डिंग को सील कर दिया है। बीते कई महीनों में यह पहला मौका है, जब आरएस बाठ के बुलडोजर किसी कार्रवाई के बिना लौटे हैं।

डेढ़ घंटे तक चला दस्तावेजों का सत्यापन
दोपहर करीब साढ़े 12 बजे पुलिस और नगर निगम की टीम बुलडोजर के साथ धनवापुर पहुंची थी। जैसे ही कार्रवाई की तैयारी शुरू हुई, सुनील उर्फ तोता के परिजन मौके पर पहुंच गए और तोड़फोड़ का विरोध करते हुए कोर्ट का स्टे ऑर्डर अधिकारियों को सौंपा। परिजनों का कहना था कि यह उनकी वैध प्रॉपर्टी है और किसी भी हालत में अवैध कार्रवाई नहीं की जा सकती।

इसके बाद अधिकारियों ने करीब डेढ़ घंटे तक दस्तावेजों और स्टे ऑर्डर की क्रॉस जांच करवाई। दस्तावेज सही पाए जाने पर तोड़फोड़ की कार्रवाई रोक दी गई और बुलडोजरों को वापस भेज दिया गया।
अवैध कब्जे की शिकायत पर पहुंची थी टीम
पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, टीम अवैध रूप से कब्जा की गई जमीन को मुक्त कराने पहुंची थी। सुनील उर्फ तोता पर हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट समेत 35 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। दो महीने पहले उसे सेक्टर-17 क्राइम ब्रांच की टीम ने गिरफ्तार किया था।

नगर निगम ने की सीलिंग की कार्रवाई
नगर निगम के नोडल अधिकारी आरएस बाठ ने बताया कि कोर्ट के स्टे ऑर्डर की जानकारी पहले नहीं थी, जो विभागीय अधिकार क्षेत्र में बदलाव के कारण सामने नहीं आ सकी। फिलहाल बिल्डिंग को सील कर दिया गया है और आगे की कार्रवाई नियमानुसार की जाएगी।
आदतन अपराधी है सुनील उर्फ तोता
पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि सुनील उर्फ तोता एक आदतन अपराधी है, जो संगठित गिरोह के साथ अवैध हथियारों के बल पर मारपीट, लूटपाट और अन्य गंभीर वारदातों को अंजाम देता रहा है।
गैंगस्टरों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस
इस मामले में अभिलाष जोशी ने कहा कि सरकार गैंगस्टरों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति पर काम कर रही है। अपराधियों की आर्थिक कमर तोड़ने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। सुनील उर्फ तोता फिलहाल भौंडसी जेल में बंद है।
