साइबर पुलिस ने फूड डिलीवरी के नाम पर धोखाधड़ी करने वाले एक डिलीवरी बॉय को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान हिसार जिले के बरवाला निवासी मोनू के रूप में हुई है। उसे मंगलवार को गुरुग्राम से काबू किया गया।

मामले में Swiggy के प्रतिनिधि ने अगस्त 2025 में साइबर थाना पूर्वी में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार कंपनी ने रेस्टोरेंट से खाना उठाकर ग्राहकों तक पहुंचाने के लिए Rapido को डिलीवरी पार्टनर बनाया हुआ है।
आरोप है कि Rapido से जुड़े एक डिलीवरी बॉय ने रेस्टोरेंट से खाने के ऑर्डर रिसीव किए और ग्राहकों को गलत जानकारी देकर ऑर्डर कैंसिल करवा दिए। इसके बाद वही खाना ग्राहकों को आधे दाम में बेचकर रकम अपने पास रख ली।
साइबर पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी डिलीवरी के दौरान उपभोक्ता को कॉल कर ऑर्डर रद्द करवाता था। ऑर्डर कैंसिल होने के बाद वह वही खाना कम कीमत पर बेच देता था। इस तरीके से उसने करीब 10 हजार रुपये की ठगी की।
पुलिस ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है और यह भी जांच की जा रही है कि उसने इस तरह की धोखाधड़ी कितने समय से और किन-किन इलाकों में की।
साइबर थाना पूर्वी पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन फूड डिलीवरी से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी सामने आने पर तुरंत शिकायत दर्ज करानी चाहिए, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
