रेकी, मास्टर चाबी और फरारी… गुरुग्राम में बाइक चोरों का पर्दाफाश

गुरुग्राम के ताऊ देवीलाल स्टेडियम से बाइक चोरी के मामले में पुलिस ने दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पीड़ित ने 23 जनवरी को पुलिस थाना पालम विहार में शिकायत दी थी कि 21 जनवरी को स्टेडियम परिसर से उसकी बाइक चोरी कर ली गई थी।

मामला दर्ज होने के बाद अपराध शाखा सेक्टर-17, गुरुग्राम की टीम जांच में जुटी और 24 जनवरी को दौलताबाद इलाके से दो आरोपियों को पकड़ने में सफलता हासिल की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विपिन उर्फ काला (33) और राहुल उर्फ हनी सिंह (34) के रूप में हुई है, जो कापसहेड़ा के बाल्मीकि मोहल्ला के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी पहले बाइक की रेकी करते थे और फिर मास्टर चाबी की मदद से बाइक चोरी कर फरार हो जाते थे। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गुरुग्राम में एक और बाइक चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात भी कबूली है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी विपिन उर्फ काला पर दिल्ली में मारपीट, हत्या के प्रयास, चोरी, डकैती और आर्म्स एक्ट सहित 13 मामले दर्ज हैं, जबकि गुरुग्राम में चोरी का एक केस पहले से दर्ज है। वहीं आरोपी राहुल उर्फ हनी सिंह के खिलाफ दिल्ली में मारपीट, चोरी और आर्म्स एक्ट के 15 मामले दर्ज हैं, जबकि गुरुग्राम में चोरी का एक मामला दर्ज पाया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई बाइक और एक मास्टर चाबी बरामद की है। दोनों आरोपियों को 25 जनवरी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था, जिसके बाद 26 जनवरी को अदालत में पेश कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

More From Author

ऋषिकेश में गंगा की तेज धार में डूबा गुरुग्राम का टूरिस्ट, राफ्टिंग गाइड ने छलांग लगाकर बचाई जान

गुरुग्राम में खौफनाक वारदात: कैब बुक कर ड्राइवर का गला घोंटा, आरोपी गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *