गुरुग्राम जिले के खेड़की दौला थाना क्षेत्र में युवक के अपहरण और फिरौती मांगने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि पीड़ित का करीबी दोस्त ही पूरे अपहरण की साजिश का मुख्य आरोपी निकला। पुलिस ने मामले में 19 वर्षीय आरोपी मयंक को हिसार से गिरफ्तार किया है।

मोबाइल कॉल से हुआ अपहरण का खुलासा
पीड़ित के पिता द्वारा खेड़की दौला पुलिस थाने में दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, 6 दिसंबर 2025 को उनकी बेटी के मोबाइल फोन पर उनके बेटे राहुल (21) का कॉल आया। राहुल ने बताया कि उसे और उसके दोस्त कृष्णा को कुछ लोगों ने अगवा कर लिया है। अपहरणकर्ताओं ने दोनों को छोड़ने के बदले हयात होटल, खेड़की दौला में 1 लाख रुपये लाने को कहा।
5 लाख की फिरौती और हत्या की धमकी
कुछ देर बाद राहुल के मोबाइल से दोबारा कॉल आया, जिसमें खुद को रियान और दानिश बताने वाले युवकों ने फिरौती की रकम बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दी। उन्होंने पुलिस को सूचना देने पर जान से मारने की धमकी भी दी। इसी दौरान राहुल और कृष्णा के दोस्त मयंक ने भी परिवार को कॉल कर पैसे न देने पर दोनों की हत्या की धमकी दी।
अपहरणकर्ताओं के चंगुल से भागे युवक
लगातार धमकियों से डरे परिजन तुरंत गुरुग्राम पहुंचे, लेकिन राहुल का मोबाइल फोन बंद मिला। अगले दिन 7 दिसंबर 2025 को राहुल का फोन आया, जिसमें उसने बताया कि वह और कृष्णा अपहरणकर्ताओं के चंगुल से भागकर रामपुरा फ्लाईओवर के पास खड़े हैं।
दोस्त ने ही रची थी साजिश
मौके पर पहुंचने पर दोनों युवकों ने पुलिस को बताया कि उनके दोस्त मयंक ने ही उन्हें रियान और दानिश के पास छोड़ा था, जहां से उनका अपहरण कर फिरौती की मांग की गई। इस खुलासे के बाद पुलिस ने मामले में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।
क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच मानेसर को जांच सौंपी गई। तकनीकी जांच और गुप्त सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने 11 जनवरी को मॉडल टाउन, हिसार से आरोपी को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहतक के उत्तम विहार निवासी 19 वर्षीय मयंक के रूप में हुई है, जो 12वीं तक पढ़ा हुआ है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और इस मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
