ऑनलाइन ऑर्डर, बैंक कॉल… और फिर शुरू हुआ साइबर ठगों का खेल

शहर में साइबर ठगी के दो अलग-अलग मामलों में कुल 1 लाख 92 हजार रुपए की धोखाधड़ी हुई है। पीड़ितों ने गुरुग्राम पुलिस से शिकायत करते हुए अपनी आपबीती बताई, जिसके बाद पुलिस ने दोनों मामलों में तुरंत कार्रवाई कर जांच शुरू कर दी है।

पहला मामला: धार्मिक पुस्तक मंगवाने के नाम पर ठगी
पहले मामले में एक व्यक्ति ने गीता प्रेस, गोरखपुर से धार्मिक पुस्तकें मंगवाने के लिए ऑनलाइन ऑर्डर किया था। ऑर्डर की स्थिति जानने के लिए उन्होंने गूगल पर गुरुग्राम पोस्ट ऑफिस का नंबर खोजा। इसी दौरान उनके फोन पर एक संदिग्ध लिंक आया।
लिंक पर क्लिक करते ही 8 अगस्त को उनके बैंक खाते से 90,000 रुपए और 50,000 रुपए के दो अनधिकृत लेनदेन हो गए। पीड़ित ने तुरंत थाना साइबर क्राइम, गुरुग्राम में शिकायत दर्ज कराई।

दूसरा मामला: क्रेडिट कार्ड लिमिट बढ़ाने का झांसा
दूसरे मामले में एक शिकायतकर्ता को एक प्राइवेट बैंक के नाम से फोन कॉल आया, जिसमें क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने का लालच दिया गया। कॉलर ने एक APK (एप्लिकेशन) लिंक भेजा और उसे डाउनलोड करने को कहा।
लिंक खोलते ही शिकायतकर्ता का फोन हैंग हो गया। दो दिन बाद उन्हें पता चला कि 9 अगस्त को तीन लेनदेन में उनके बैंक खाते से 52,000 रुपए से अधिक की राशि निकाली गई। इतना ही नहीं, उनके फोन के सभी कॉल डाइवर्ट हो गए।

पुलिस की कार्रवाई और चेतावनी
दोनों मामलों में पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साइबर ठगों की तलाश में तकनीकी संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
गुरुग्राम साइबर क्राइम पुलिस ने लोगों को चेतावनी दी है कि वे अजनबी लिंक्स पर क्लिक न करें, अनजान कॉल्स पर निजी जानकारी साझा न करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत करें।

More From Author

गुरुग्राम में पकड़ा गया फर्जी IAS, छापेमारी में बरामद हुआ चौंकाने वाला सामान

गुरुग्राम में स्वतंत्रता दिवस से पहले अलर्ट, होटल-पीजी मालिकों को सख्त हिदायतें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *