स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। होटल, पीजी, गेस्ट हाउस, रेस्टोरेंट और अन्य प्रतिष्ठानों के संचालकों व मालिकों को कड़े निर्देश जारी किए गए हैं कि ठहरने वालों का रिकॉर्ड अपडेट और सुरक्षित रखा जाए। विदेशी नागरिकों के लिए सी-फॉर्म भरना और पुलिस को समय पर सूचना देना भी अनिवार्य किया गया है।

संदिग्धों का वेरिफिकेशन अभियान
बीते दिनों पुलिस ने जिले में संदिग्ध लोगों के दस्तावेजों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया था, जिसमें 10 से अधिक बांग्लादेशी नागरिक पकड़े गए। सभी को उनके देश वापस भेज दिया गया और आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम शांतिपूर्वक और हर्षोल्लास से मनाने के लिए हर संभव कदम उठाए जा रहे हैं।
डीसीपी ने दिए सख्त निर्देश
डीसीपी हेडक्वार्टर डॉ. अर्पित जैन ने जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिसकर्मियों और शहर के प्रतिष्ठान मालिकों को दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
- पार्किंग ठेकेदार: सभी वाहनों की जांच के बाद ही पार्किंग में खड़ा करें।
- मॉल और महत्वपूर्ण भवन: प्रवेश और निकास द्वार पर सीसीटीवी कैमरे लगाएं और सुनिश्चित करें कि वे सुचारू रूप से काम कर रहे हों।
- रिसेप्शन स्थल: कैमरे इस तरह लगाएं कि आने-जाने वाले व्यक्तियों की पहचान आसानी से हो सके।
- बस चालक व परिचालक: बस पर कड़ी निगरानी रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
स्टाफ और किराएदारों का अनिवार्य सत्यापन
पुलिस ने सभी मॉल, उद्योग, होटल, गेस्ट हाउस, रेस्टोरेंट और रिसॉर्ट संचालकों को निर्देश दिया है कि वहां काम कर रहे कर्मचारियों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से कराएं।
साथ ही मकान मालिक अपने किराएदारों का भी सत्यापन करवाएं। मोबाइल और सिमकार्ड विक्रेताओं को भी ग्राहकों की पूरी पहचान और दस्तावेज सत्यापन के बाद ही कनेक्शन जारी करने को कहा गया है।
डीसीपी ने स्पष्ट किया कि इन सभी कदमों का उद्देश्य शहर में शांति बनाए रखना और किसी भी अप्रिय घटना को रोकना है। गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत 112 नंबर पर दें।
