गुरुग्राम में घने कोहरे का फायदा उठाकर कैंटर चोरी, 2 मिनट में ले उड़े चोर

गुरुग्राम जिले में वाहन चोरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। ताजा मामला एनएच-48 स्थित बिलासपुर चौक के पास का है, जहां घने कोहरे का फायदा उठाकर चोर एक ट्रांसपोर्ट ऑफिस के बाहर खड़े टाटा कैंटर को चोरी कर ले गए। पूरी वारदात महज दो मिनट में अंजाम दी गई।

CCTV में कैद हुई चोरी की वारदात

जानकारी के मुताबिक चोरों ने अलसुबह करीब 4 बजे कैंटर को चोरी किया। हैरानी की बात यह रही कि वाहन ले जाते समय चोरों ने हेडलाइट तक ऑन नहीं की और केवल इंडिकेटर के सहारे कैंटर को मौके से भगा ले गए। ऑफिस में लगे सीसीटीवी कैमरों में चोरी की घटना कैद हो गई, लेकिन घने कोहरे के कारण आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी।

सुबह ऑफिस पहुंचा मालिक, कैंटर मिला गायब

पीड़ित ट्रांसपोर्टर नरेश कुमार जब 3 फरवरी की सुबह करीब 7:40 बजे अपने ऑफिस पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि ऑफिस के बाहर खड़ा कैंटर गायब है। आसपास काफी तलाश की गई, लेकिन वाहन का कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद सीसीटीवी फुटेज चेक किए गए, जिसमें चोरी की पुष्टि हुई।

ट्रांसपोर्ट व्यवसाय पर पड़ा असर

नरेश कुमार ने बताया कि यह कैंटर उनके ट्रांसपोर्ट कारोबार का अहम हिस्सा था। इसी वाहन से माल ढुलाई का काम किया जाता था। कैंटर चोरी होने से उनका काम पूरी तरह ठप हो गया है और उन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है।

पुलिस ने दर्ज किया केस, जांच जारी

घटना की सूचना मिलते ही बिलासपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और वाहन चोरी का मामला दर्ज कर लिया। थाना प्रभारी सुनील ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संभावित रास्तों की जांच की जा रही है। अभी तक किसी टोल प्लाजा से वाहन गुजरने की जानकारी नहीं मिली है, जिससे आशंका है कि चोर कैंटर को अंदरूनी रास्तों से ले गए हैं।

कोहरे में बढ़ जाती हैं वाहन चोरी की घटनाएं

पुलिस के अनुसार सर्दियों में कोहरे के कारण दृश्यता कम हो जाती है, जिसका फायदा वाहन चोर उठाते हैं। ट्रक और कैंटर जैसे बड़े वाहन आसानी से दूसरे राज्यों में ले जाए जा सकते हैं, इसलिए ये चोरों के आसान निशाने होते हैं। पुलिस ने वाहन मालिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना देने की अपील की है।

More From Author

गुरुग्राम में बहन के प्रेम प्रसंग को लेकर युवक की हत्या, शव गंदे नाले में फेंका

व्हाट्सऐप पर डायरेक्टर बनकर लाखों की ठगी, गुरुग्राम से दो नाइजीरियाई गिरफ्तार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Recent Comments

No comments to show.