गुरुग्राम में आधी रात हाईवोल्टेज ड्रामा ! थार ने कैब को कई बार मारी टक्कर

गुरुग्राम के सेक्टर-89 में देर रात एक ऐसा मामला सामने आया, जिसने सड़क पर मौजूद लोगों को भी हैरान कर दिया। एक थार सवार युवक ने अपने ही दोस्तों की कैब को कई बार जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कैब के दोनों एयरबैग खुल गए और गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह टूट गया। गनीमत रही कि कैब में मौजूद ड्राइवर और दोनों युवक बाल-बाल बच गए। इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दोस्तों के बीच हुआ विवाद, फिर शुरू हुआ हंगामा
जानकारी के मुताबिक, दिल्ली नंबर की थार में चार युवक सेक्टर-89 पहुंचे थे। यहां किसी बात को लेकर दोस्तों के बीच विवाद हो गया। बहस बढ़ने के बाद दो युवक थार से उतर गए। दोनों ने वापस घर जाने के लिए Rapido से कैब बुक की और सड़क किनारे कैब का इंतजार करने लगे।

कैब आते ही थार ड्राइवर ने मारी टक्कर
जैसे ही कैब मौके पर पहुंची और दोनों युवक उसमें बैठे, आरोप है कि थार चला रहे उनके साथी ने गुस्से में कैब को टक्कर मारनी शुरू कर दी। कैब ड्राइवर ने रोकने की कोशिश की, लेकिन थार चालक नहीं रुका। बताया जा रहा है कि उसने थार को पीछे किया और फिर तेज रफ्तार में कैब को टक्कर मारी। इसके बाद उसने कई बार इसी तरह कैब को निशाना बनाया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कैब का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दोनों एयरबैग खुल गए।

एयरबैग खुलने से बची जान
कैब के अंदर ड्राइवर के अलावा दोनों युवक मौजूद थे। अचानक हुए इस हमले से सभी घबरा गए। हालांकि, एयरबैग खुलने की वजह से किसी को गंभीर चोट नहीं आई। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने इसका वीडियो बना लिया। वीडियो में थार को कैब से टकराते हुए देखा जा सकता है।

शिकायत के बाद पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद कैब ड्राइवर ने खेड़कीदौला थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस के मौके पर पहुंचने से पहले आरोपी थार चालक अपने साथी के साथ वहां से फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, वारदात में इस्तेमाल थार दिल्ली नंबर की है। पुलिस गाड़ी के नंबर के आधार पर उसके मालिक और आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

अब पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर दोस्तों के बीच ऐसा क्या विवाद हुआ था, जिसके बाद थार सवार युवक ने कैब को ही निशाना बना दिया।

More From Author

UPI से पेट्रोल भराना पड़ेगा महंगा? जानें क्या है नया नियम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *