गुरुग्राम में स्पा सेंटरों की आड़ में चल रही अनैतिक गतिविधियों को लेकर हरियाणा महिला आयोग ने बड़ा खुलासा किया है। महिला आयोग की चेयरपर्सन ऊषा प्रियदर्शनी के मुताबिक, स्पा सेंटरों को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसके बाद गुरुग्राम पुलिस के साथ मिलकर अलग-अलग जगहों पर कार्रवाई की गई।

अलग-अलग राज्यों की युवतियां मिलीं
महिला आयोग के अनुसार, कार्रवाई के दौरान 38 लड़कियां और 30 युवक मिले। सबसे बड़ी कार्रवाई सफायर-90 मॉल में हुई, जहां 30 लड़कियां मिलीं और 20 युवकों को पूछताछ के लिए लिया गया। महिला आयोग के मुताबिक, यहां मिली लड़कियों में 2 नाबालिग भी शामिल थीं।
सफायर-90 मॉल से मिली 30 युवतियों में हरियाणा की 10, उत्तर प्रदेश की 9, बिहार की 5, पश्चिम बंगाल की 2 और दिल्ली, नेपाल, जम्मू-कश्मीर और मध्य प्रदेश की 1-1 युवती शामिल थी। इसके अलावा सेक्टर-38 में भी 13 युवक और 8 युवतियां अनैतिक गतिविधियों में मिले।
स्पा सेंटर से पिस्टल मिलने का दावा
महिला आयोग ने एक स्पा सेंटर से पिस्टल मिलने का भी दावा किया है। हालांकि, इस मामले में पुलिस की जांच जारी है और हथियार से जुड़ी जानकारी की पुष्टि जांच के बाद ही साफ होगी। आयोग के मुताबिक, पूछताछ और काउंसलिंग के दौरान कुछ महिलाओं ने डराने-धमकाने और जबरन ऐसी गतिविधियों में धकेले जाने के आरोप लगाए हैं। एक पीड़िता ने काउंसलिंग के दौरान नाबालिग रहते शोषण किए जाने के गंभीर आरोप भी लगाए।
महिला आयोग ने आगे के लिए दिया बड़ा संकेत
महिला आयोग का दावा है कि पूछताछ के दौरान एक बड़े रैकेट और इसमें कई लोगों के जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। अब आयोग ने साफ किया है कि सिर्फ स्पा सेंटर ही नहीं, बल्कि गुरुग्राम के क्लबों पर भी नजर रखी जाएगी। चेयरपर्सन ऊषा प्रियदर्शनी के मुताबिक, अगर किसी जगह से गलत गतिविधियों की सूचना मिलती है तो टीम मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करेगी।
महिला आयोग ने साफ कहा है कि महिलाओं के शोषण को किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आयोग ने आगे भी ऐसी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।
