गुरुग्राम में अगर आप रात के समय ड्राइव करते हैं, तो ये खबर आपके काम की है। ट्रैफिक पुलिस ने 1 सितंबर से 18 सितंबर 2026 तक एक खास अभियान चलाया। इस दौरान शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों के साथ-साथ ड्राइविंग करते समय मोबाइल फोन इस्तेमाल करने वाले वाहन चालकों पर भी कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, अभियान में 856 वाहन चालक शराब पीकर वाहन चलाते मिले, जबकि 94 वाहन चालकों के मोबाइल फोन इस्तेमाल करने पर चालान किए गए।

शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों पर कार्रवाई
गुरुग्राम ट्रैफिक पुलिस ने ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ अलग-अलग जगहों पर नाके लगाकर चेकिंग की। इसके लिए कई पुलिस टीमों को चिन्हित स्थानों पर तैनात किया गया था। पुलिस के अनुसार, 1 सितंबर से 18 सितंबर के बीच कुल 856 वाहन चालक शराब पीकर वाहन चलाते मिले। सभी के खिलाफ नियमों के मुताबिक चालान की कार्रवाई की गई। इनमें से 19 वाहनों को इंपाउंड भी किया गया। पुलिस ने बताया कि ड्रिंक एंड ड्राइव के मामले में चालान के साथ चालक का ड्राइविंग लाइसेंस 3 महीने के लिए सस्पेंड किया जाता है। इस दौरान संबंधित चालक कोई भी वाहन नहीं चला सकता।
ड्राइविंग के दौरान मोबाइल चलाना भी पड़ा भारी
इसी अभियान के तहत वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल करने वालों पर भी नजर रखी गई। ट्रैफिक पुलिस की टीमों ने 1 सितंबर से 18 सितंबर तक ऐसे 94 वाहन चालकों के चालान किए। इन चालानों से कुल 4 लाख 70 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
पुलिस ने क्यों चलाया अभियान?
गुरुग्राम पुलिस के मुताबिक, शराब पीकर वाहन चलाना और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करना सड़क हादसों का बड़ा कारण बन सकता है। मोबाइल इस्तेमाल करने से ड्राइवर का ध्यान सड़क से हट जाता है और हादसे का खतरा बढ़ जाता है। पुलिस का कहना है कि यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और व्यवस्थित रखने के लिए ऐसे विशेष अभियान आगे भी जारी रहेंगे। रात के समय अलग-अलग जगहों पर नाके लगाकर वाहनों की चेकिंग की जाएगी।
गुरुग्राम पुलिस की अपील
गुरुग्राम पुलिस ने लोगों से अपील की है कि शराब या किसी भी तरह का नशा करके वाहन न चलाएं और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल बिल्कुल न करें। पुलिस के मुताबिक, सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। अगर आप गुरुग्राम में गाड़ी चलाते हैं, तो ट्रैफिक नियमों का पालन करें और सुरक्षित ड्राइविंग करें।
