रात का समय था… महिला अपने घर से कुछ सामान खरीदने के लिए निकली थी। रास्ता भी घर से ज्यादा दूर नहीं था, लेकिन उसे क्या पता था कि कुछ ही कदमों बाद उसके साथ ऐसी वारदात हो जाएगी, जिसे वह शायद ही कभी भूल पाएगी। अचानक पीछे से एक बाइक आई, दो युवक उसके बेहद करीब पहुंचे और इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, उसके गले पर झपट्टा मारकर सोने की चेन तोड़ ली। इस दौरान महिला के गले पर खरोंच तक आ गई। वारदात के बाद दोनों बदमाश मौके से फरार हो गए।
यह मामला गुरुग्राम के सेक्टर-70 स्थित ट्यूलिप चौक का है, जहां बुधवार रात बाइक सवार दो अज्ञात बदमाशों ने एक महिला को अपना निशाना बनाया।

मॉल जाते समय महिला को बनाया निशाना
पीड़िता की पहचान नेहा के रूप में हुई है। वह सेक्टर-70 की ट्यूलिप ऑरेंज सोसाइटी में रहती हैं और एक जानी-मानी मल्टीनेशनल कंपनी में काम करती हैं।
जानकारी के मुताबिक, बुधवार रात कंपनी से घर लौटने के बाद नेहा कुछ सामान खरीदने के लिए पास के मॉल जा रही थीं। जैसे ही वह ट्यूलिप चौक के पास पहुंचीं, काले रंग की स्प्लेंडर बाइक पर सवार दो युवक उनके नजदीक आ गए। बाइक पर पीछे बैठे युवक ने अचानक उनके गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन तोड़ ली। झपटमारी इतनी तेजी से हुई कि नेहा को संभलने तक का मौका नहीं मिला। इस दौरान उनके गले पर नाखूनों के निशान भी आ गए।
शोर मचाया, लेकिन अंधेरे में गायब हो गए बदमाश
वारदात के बाद नेहा ने शोर मचाया और बदमाशों को रोकने की कोशिश की, लेकिन दोनों आरोपी बाइक की रफ्तार बढ़ाकर एपिक मॉल की तरफ फरार हो गए। चौक पर अंधेरा होने का भी उन्हें फायदा मिला।
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। इसी दौरान वहां से गुजर रहे राष्ट्रीय बजरंग दल के जिला अध्यक्ष और मंडल उपाध्यक्ष आशीष शर्मा ने तुरंत कंट्रोल रूम पर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बादशाहपुर थाना पुलिस PCR वैन के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने महिला से पूरी घटना की जानकारी ली और आरोपियों को पकड़ने के लिए आसपास नाकाबंदी भी कराई, लेकिन तब तक बदमाश फरार हो चुके थे।
ट्यूलिप चौक पर पहले भी हो चुकी हैं वारदातें
इस घटना के बाद इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। आशीष शर्मा का कहना है कि ट्यूलिप चौक और आसपास के रास्तों पर स्ट्रीट लाइट की उचित व्यवस्था नहीं है। रात के समय पुलिस PCR की तैनाती भी कम रहती है।
उनका आरोप है कि इलाके में पहले भी इस तरह की वारदातें हो चुकी हैं। ऐसे में कामकाजी महिलाओं के लिए रात के समय घर से निकलना सुरक्षित नहीं रह गया है। उन्होंने ट्यूलिप चौक पर पुलिस चौकी बनाने की मांग भी उठाई है।
CCTV फुटेज से बदमाशों की तलाश
बादशाहपुर थाना पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर अज्ञात बदमाशों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। जांच अधिकारी अशोक के मुताबिक, आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि बाइक के नंबर और आरोपियों की पहचान हो सके। पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ाने का भी आश्वासन दिया है।
