गुरुग्राम वालों को मिलेगा जाम से छुटकारा… या इंतजार और बढ़ेगा?

दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर सरहौल बॉर्डर के पास एंबियंस मॉल के सामने लंबे समय से बनी ट्रैफिक जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए नई ट्रैफिक प्लानिंग लागू की गई है। इस व्यवस्था के तहत दो नई लेन बनाई गई हैं, जो दिल्ली से गुरुग्राम और अंडरपास से आने वाले ट्रैफिक को अलग-अलग दिशा देंगी।

नई व्यवस्था का फायदा

ट्रैफिक पुलिस का मानना है कि नई लेन व्यवस्था से रोज़ाना निकलने वाले हजारों वाहन चालकों को राहत मिलेगी। दिल्ली से गुरुग्राम की ओर जाने वाला ट्रैफिक अब सीधे निकलेगा, जबकि मॉल की ओर जाने वाले वाहन अस्थाई सर्विस लेन का उपयोग करेंगे। वहीं, अंडरपास से आने वाले वाहन दूसरी सर्विस लेन से निकलेंगे।

एक सप्ताह का ट्रायल

यह नई व्यवस्था अभी एक हफ्ते के ट्रायल के तौर पर लागू की गई है। यदि यह सफल रहती है, तो स्थायी रूप से लागू कर दी जाएगी। बता दें कि सरहौल बॉर्डर पर 24 लेन हैं और यहां रोज़ाना चार लाख से अधिक वाहनों की आवाजाही होती है। सुबह और शाम के समय दफ्तर आने-जाने वालों के कारण यह क्षेत्र जाम का सबसे बड़ा हॉटस्पॉट बन जाता है।

जाम की बड़ी वजह – एंबियंस मॉल के सामने दीवार

स्थानीय लोगों का कहना है कि जाम की सबसे बड़ी वजह मॉल प्रबंधन द्वारा सर्विस लेन पर बनाई गई पक्की दीवार है। पहले यहां केवल बड़े गमले रखे थे, लेकिन अब पक्की दीवार बना दी गई है जिससे सर्विस लेन संकरी हो गई है।
लोगों का मानना है कि अगर इस दीवार को हटा दिया जाए तो जाम की समस्या काफी हद तक कम हो सकती है। हालांकि, इसके निर्माण को लेकर न तो ट्रैफिक पुलिस और न ही मॉल प्रबंधन कोई साफ जानकारी दे रहा है।

पुलिस की तैनाती

हाईवे ट्रैफिक एसएचओ लोकेश कुमार ने बताया कि नई लेन व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए अंडरपास से पहले अस्थाई बैरिकेड्स लगाए गए हैं। खासकर शाम के समय ट्रैफिक पुलिस की तैनाती की जा रही है ताकि सर्विस लेन और फ्लाईओवर पर ट्रैफिक आपस में मर्ज न हो और जाम की स्थिति से बचा जा सके।

More From Author

पुरानी रंजिश में हुई खौफनाक वारदात, चार गिरफ्तार कहानी चौंका देगी !

कचरा और अतिक्रमण से जूझ रही ग्रीन बेल्ट… कब बदलेगी तस्वीर!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *