ओल्ड गुरुग्राम मेट्रो प्रोजेक्ट के लिए एक बड़ी अपडेट सामने आई है। गुरुग्राम मेट्रो रेल लिमिटेड (जीएमआरएल) को मेट्रो निर्माण के पहले चरण के लिए सेक्टर-33 स्थित ट्रांसपोर्ट नगर में 12.9 एकड़ जमीन आवंटित की गई है। यह जमीन हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने उपलब्ध करवाई है। यहां कास्टिंग यार्ड तैयार किया जाएगा, जहां से स्लैब, पिलर और कॉलम का निर्माण होगा।

पहले चरण के लिए मिली जमीन
जीएमआरएल ने दिल्ली-जयपुर हाईवे पर हीरो होंडा चौक के पास स्थित सेक्टर-33 में कास्टिंग यार्ड बनाने की योजना बनाई है। एचएसवीपी की प्रशासक वैशाली सिंह के आदेश पर संपदा अधिकारी दो अनुपमा मलिक ने जीएमआरएल को यह जमीन उपलब्ध करवाई। जमीन की चारदीवारी का काम पूरा होते ही यहां स्लैब, पिलर और कॉलम के निर्माण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
दूसरे चरण के लिए 25 एकड़ जमीन की मांग
मेट्रो प्रोजेक्ट के दूसरे चरण के लिए जीएमआरएल ने सेक्टर-10 की ऑटो मार्केट में 25 एकड़ जमीन की मांग की है। हालांकि, यहां लाखों टन मलबा पड़ा होने के कारण कास्टिंग यार्ड तैयार करने में दिक्कत आ रही है। एचएसवीपी ने इस मलबे को हटवाने के लिए नगर निगम से सहयोग मांगा है।
अतिक्रमण बना बाधा
पहले चरण के मेट्रो निर्माण में सबसे बड़ी दिक्कत बसई चौक के आसपास हो रहे अतिक्रमण और अवैध निर्माण हैं। जीएमआरएल के सर्वे के मुताबिक, 217 स्थायी और अस्थायी निर्माण बीच में आ रहे हैं, जिनमें से करीब 35 मकानों और दुकानों की रजिस्ट्री भी है।
अधिकांश अवैध निर्माण एचएसवीपी की अधिग्रहित जमीन पर बने हुए हैं। जीएमआरएल ने एचएसवीपी से आग्रह किया है कि इन अतिक्रमणों को जल्द हटवाया जाए, ताकि मेट्रो निर्माण में किसी भी तरह की देरी न हो।
