गुरुग्राम। शहर के सेक्टर-65 स्थित आईएफसी चौक के पास सोमवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। यहाँ खुले मैनहोल में गिरने से ढाई साल के मासूम दिलराज की मौत हो गई।

मृतक बच्चे की पहचान दिलराज के रूप में हुई है। उसके पिता कालू और मां रोजी मजदूरी के साथ आईएफसी चौक के पास खिलौने और फूल बेचकर गुजारा करते हैं। घटना के समय माता-पिता अपने काम में व्यस्त थे और बच्चे को नाले पर बने मैनहोल के किनारे बैठा दिया था। खेलते-खेलते दिलराज अचानक मैनहोल में जा गिरा।
आधा खुला था मैनहोल
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिस मैनहोल में बच्चा गिरा वह ग्रीन बेल्ट के अंदर स्थित है। उस पर फाइबर का ढक्कन तो था, लेकिन वह पूरी तरह से सुरक्षित नहीं था और आधा खुला हुआ था।
राजस्थान के टोंक से ताल्लुक
मृतक बच्चा और उसका परिवार राजस्थान के टोंक जिले का रहने वाला है। वे कई सालों से गुरुग्राम के उल्लावास इलाके में झोपड़ियों में रह रहे हैं। पिता कालू सड़क किनारे खिलौने और फूल बेचते हैं।
पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को अस्पताल ले जाया गया। लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
स्थानीय लोगों ने उठाई सुरक्षा की मांग
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने कहा कि गुरुग्राम में कई जगह खुले या ढीले ढक्कन वाले मैनहोल बने हुए हैं, जो हादसों को न्योता देते हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि शहर के सभी मैनहोल को तुरंत सुरक्षित किया जाए, ताकि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
