गुरुग्राम सेक्टर-15 पार्ट-ए स्थित एक खाली प्लॉट पर बनी झुग्गियों में सोमवार दोपहर भीषण आग लग गई। घटना करीब 1:24 बजे की है, जब भीम नगर अग्निशमन केंद्र को इसकी सूचना मिली। आग पर काबू पाने के लिए भीम नगर से दो और सेक्टर-29 से एक फायर टेंडर मौके पर पहुंची।

हादसे के समय 15 लोग मौजूद थे
फायर अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि झुग्गियों में उस समय लगभग 15 लोग मौजूद थे, जिनमें 4 बच्चे भी शामिल थे। स्थानीय लोगों के मुताबिक, दोपहर का खाना बनाया जा रहा था, तभी गैस सिलेंडर में रिसाव हुआ और आग भड़क उठी।
तेजी से फैली आग, चार झुग्गियां चपेट में
आग ने देखते ही देखते चार झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। वहां रहने वाले परिवारों का काफी नुकसान हुआ। अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर करीब एक घंटे में आग पर काबू पा लिया। सभी लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडरों की नियमित जांच और सुरक्षित उपयोग बेहद जरूरी है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया
एक प्रत्यक्षदर्शी ने कहा, “खाना बनाते समय अचानक आग की लपटें उठीं। हमने तुरंत बच्चों को बाहर निकाला और फायर ब्रिगेड को बुलाया। उनकी तेजी से बड़ा हादसा टल गया।”
सामान जलकर राख
आग से झुग्गियों में रखा कपड़ा, घरेलू सामान और अन्य जरूरी वस्तुएं जलकर राख हो गईं। फिलहाल आग के कारणों की जांच जारी है। इसमें गैस सिलेंडर की गुणवत्ता और रखरखाव को भी शामिल किया गया है।
फायर अधिकारी ने लोगों से अपील की है कि अग्नि सुरक्षा नियमों का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गैस रिसाव की सूचना तुरंत दें, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को टाला जा सके।
