गुरुग्राम के शिवाजी नगर थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 11वीं कक्षा की एक नाबालिग छात्रा के साथ गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया गया। पीड़ित छात्रा को कोचिंग जाते समय अगवा किया गया और सुनसान इलाके में ले जाकर दो युवकों ने उसके साथ बारी-बारी से दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपियों ने उसे चलती कार से सड़क पर फेंक कर फरार हो गए। पुलिस ने इस मामले में पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोचिंग जाते समय हुआ अपहरण
जानकारी के अनुसार, पीड़िता 4 मरला इलाके की रहने वाली है। उसने पुलिस को बताया कि वह कोचिंग के लिए जा रही थी, तभी एक काले रंग की कार में सवार दो युवकों ने उसे जबरदस्ती कार में बैठा लिया। कार में बैठते ही आरोपियों ने उसे नशीला पदार्थ खिला दिया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद उसे पहाड़ियों पर एक सुनसान इलाके में ले जाया गया, जहां दोनों युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी उसे अर्धचेतन हालत में सड़क पर फेंक कर फरार हो गए। पीड़िता ने बताया कि एक आरोपी उसका जानकार है, जिसने उस पर कार में बैठने का दबाव बनाया। आरोपियों के नाम लक्ष्य और अंकित बताए जा रहे हैं, जिसमें एक आरोपी गांधी नगर का रहने वाला है।
घर पहुंचने पर रोती रही पीड़िता
घर पहुंचने पर पीड़िता फूट-फूटकर रोने लगी। परिजनों ने जब उससे पूछताछ की, तो उसने अपने साथ हुई इस भयावह घटना के बारे में बताया। बेटी के साथ हुई इस वारदात को सुनकर परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई। इसके बाद वे उसे लेकर तुरंत शिवाजी नगर थाने पहुंचे। थाने में भी पीड़िता रोती रही, जिसके बाद महिला पुलिसकर्मियों ने उसे सांत्वना दी और पिता की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया।
पिता की शिकायत पर कार्रवाई
पिता ने अपनी शिकायत में बताया कि उनकी बेटी को काले रंग की कार में पहाड़ियों पर सुनसान जगह पर ले जाया गया, जहां नशीले पदार्थ के प्रभाव में उसका दुष्कर्म किया गया। पीड़िता नशीले पदार्थ के कारण प्रतिरोध नहीं कर सकी। पिता ने बताया कि वह मानेसर की एक कंपनी में काम करते हैं और उनकी पत्नी घर पर चार बच्चों के साथ रहती है। पीड़िता उनकी सबसे बड़ी बेटी है, जिसकी उम्र 17 साल है। पुलिस ने पिता की शिकायत पर पॉक्सो एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू कर दी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, एक आरोपी पीड़िता का जानकार है, जिसने उसका भरोसा जीतकर इस वारदात को अंजाम दिया। पीड़िता का परिवार मूल रूप से बिहार के मधुबनी जिले का रहने वाला है और पिछले 20 साल से गुरुग्राम के 4 मरला इलाके में रह रहा है।
एक आरोपी ने उठाया जान-पहचान का फायदा
पीड़िता ने बताया कि एक आरोपी को वह पहले से जानती थी। उसने कोचिंग जाते समय बार-बार दबाव डालकर उसे कार में बैठने के लिए मजबूर किया। इसके बाद दोनों आरोपी उसे सुनसान जगह पर ले गए और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अब दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी है और जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
गुरुग्राम पुलिस ने इस मामले में कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया है और पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
