गुरुग्राम में गूंगा-बहरा बनकर चोरी करने वाले दो आरोपितों को दिल्ली के कालका गढ़ी से गिरफ्तार किया गया है। अपराध शाखा-43 की टीम ने डीएलएफ फेस-3 इलाके में हुई चोरी की घटनाओं की जांच के बाद इन आरोपितों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने आरोपितों की पहचान आंध्र प्रदेश के चितौर जिले के रहने वाले सी. बाबू और प्रभु के रूप में की है। पूछताछ में पता चला कि ये आरोपी पिछले पांच वर्षों से गुरुग्राम और फरीदाबाद में चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।
अपराध शाखा-43 ने बताया कि नौ सितंबर को डीएलएफ फेस-3 के यू-ब्लॉक स्थित एक घर में घुसकर दो लैपटॉप और एक मोबाइल फोन चोरी कर लिया गया था। तकनीकी और मुखबिर की मदद से पुलिस ने गुरुवार को आरोपितों को पकड़ लिया।

आरोपित चोरी करने के लिए दिन में गूंगा-बहरा होने का ढोंग करते और घरों व पीजी में जाकर रेकी करते थे। इसके बाद वे सुबह तीन से चार बजे के बीच मास्क और साफ-सुथरे कपड़े पहनकर उसी जगहों पर चोरी करते थे। चोरी का सामान साथी की मदद से ट्रेन या कूरियर के माध्यम से चेन्नई भेजा जाता था।
पुलिस ने बताया कि इन आरोपितों ने गुरुग्राम से ही 19 चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया है और इनके अन्य साथियों की भी पहचान की जा रही है। जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
