साइबर सिटी गुरुग्राम में इस दीवाली पर 10,000 नई स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे शहर के अंधेरे इलाके रोशन होंगे। गुरुग्राम नगर निगम ने इसके लिए तैयारी शुरू कर दी है और जल्द ही प्राइवेट एजेंसियों को स्ट्रीट लाइट लगाने, मरम्मत और रखरखाव का कार्य सौंपा जाएगा।

नगर निगम ने पहले ही अंधेरे वाले स्थानों की पहचान कर ली है। लंबे समय से शहर के नागरिक, आरडब्ल्यूए और पार्षदों द्वारा लाइटों की मांग की जा रही थी। पिछले कुछ महीनों में निगम ने 6,000 नई लाइटें भी शहर में लगाई थीं। अब 10,000 और लाइटों के आने से अंधेरे की समस्या पर काफी हद तक काबू पाया जा सकेगा।
शहर के प्रमुख इलाकों में रोशनी की कमी
मेफिल्ड गार्डन, मालिबु टाउन, सुशांत लोक-2 और 3, ग्रीनवुड सिटी, रोजवुड सिटी, आरडी सिटी, डीएलएफ फेज-4 और फेज-5 जैसी कॉलोनियों के निवासी लंबे समय से स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग कर रहे हैं। बिल्डर कॉलोनियों और 16 नए गांवों में भी लाइट लगाने की आवश्यकता है।
जानें महत्वपूर्ण तथ्य
- शहर में कुल 1 लाख से अधिक स्ट्रीट लाइटें मौजूद हैं।
- इनमें से 20,000 लाइटें सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल एंड मॉनिटरिंग सिस्टम (CCMS) से जुड़ी हैं।
- शहर में 797 CCMS पैनल लगाए गए हैं।
- पिछले दिनों 6,000 नई लाइटें लगाई गईं।
- अब 10,000 नई लाइटें जल्द ही नगर निगम को मिलेंगी।
- गुरुग्राम नगर निगम के 36 वार्डों में यह परियोजना लागू होगी।
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि पर्याप्त रोशनी से न केवल नागरिकों की सुविधा बढ़ेगी, बल्कि वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। यदि किसी स्थान पर स्ट्रीट लाइट खराब हो, तो इसकी सूचना तुरंत हेल्पलाइन नंबर 18001801817 पर दर्ज कराई जा सकती है।
एसडीओ इलेक्ट्रिकल विंग, आशीष हुड्डा ने बताया कि मिशन ‘ब्राइट गुरुग्राम’ अभियान के तहत खराब लाइटों की मरम्मत जारी है और दीवाली से पहले 10,000 नई लाइटें शहर में लगाई जाएंगी।
