दीपावली से पहले जिला मजिस्ट्रेट एवं उपायुक्त अजय कुमार ने पर्यावरण और जनस्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 163 लागू कर दी है। इस आदेश के तहत गुरुग्राम जिले की सीमा में पटाखों के निर्माण, भंडारण, बिक्री और फोड़ने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
डीएम अजय कुमार ने कहा कि खतरनाक पटाखों से पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है और वायु प्रदूषण बढ़ने से आमजन के स्वास्थ्य पर गंभीर प्रभाव पड़ता है। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट के ताज़ा आदेश के बाद ग्रीन पटाखों को लेकर सीमित राहत संभव है।
पूरे साल रहेगा पटाखों पर प्रतिबंध
डीसी के आदेश के अनुसार, जिले में ऑनलाइन बिक्री और डिलीवरी सहित सभी प्रकार के पटाखों की बिक्री प्रतिबंधित रहेगी। यह आदेश पर्यावरण (संरक्षण) अधिनियम, 1986 की धारा 5 के तहत जारी किया गया है।
डीएम अजय कुमार ने कहा कि इस निर्णय का उद्देश्य प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित करना और बच्चों, बुजुर्गों व सांस या हृदय रोग से पीड़ित लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को सुप्रीम कोर्ट के दिशा-निर्देशों के अनुसार कार्रवाई करने और सभी विभागों के साथ समन्वय बनाने के निर्देश दिए गए हैं।
आदेश तोड़ने पर सख्त कार्रवाई
आदेश का उल्लंघन करने वालों पर भारतीय न्याय संहिता, 2023 की संबंधित धाराओं और पर्यावरण संरक्षण अधिनियम, 1986 की धारा 15 के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सीएम फ्लाइंग की कार्रवाई: 200 किलो अवैध पटाखे बरामद
उधर, सीएम फ्लाइंग टीम ने बादशाहपुर के बड़ा बाजार में छापा मारकर एक गोदाम से 200 किलो से अधिक प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए हैं। टीम ने व्यापारी गगन रहेजा को हिरासत में लेकर उसके खिलाफ बादशाहपुर थाने में एफआईआर दर्ज करवाई है।
छापेमारी के दौरान मिले पटाखे हरियाणा सरकार द्वारा प्रतिबंधित उच्च ध्वनि और प्रदूषण फैलाने वाले प्रकार के थे। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि ये पटाखे कहां से लाए गए और इनकी सप्लाई चेन कितनी बड़ी है।
पिछले एक सप्ताह में 400 किलो से अधिक पटाखे जब्त
जिला प्रशासन और सीएम फ्लाइंग की संयुक्त टीम पिछले एक सप्ताह से अभियान चला रही है। अब तक 400 किलो से अधिक अवैध पटाखे जब्त किए जा चुके हैं। अधिकारियों के मुताबिक दीपावली के दौरान मांग बढ़ने से अवैध कारोबारियों की गतिविधियां तेज हो जाती हैं, जिससे प्रदूषण भी बढ़ता है।
सरकार ने विशेष रूप से हाई-डेसिबल और प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों पर रोक लगाई हुई है।
प्रशासन का संदेश: ग्रीन पटाखों से ही मनाएं सुरक्षित दिवाली
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे दीपावली को पर्यावरण अनुकूल तरीके से मनाएं और केवल ग्रीन पटाखों का ही उपयोग करें। साथ ही बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य का ध्यान रखते हुए ध्वनि और धुएं से होने वाले प्रदूषण से बचें।
