गुरुग्राम में दीवाली पर फायर ब्रिगेड का हाई अलर्ट, जानिए क्यों…

दीवाली के त्योहार के चलते शहर में आग लगने की संभावनाओं को देखते हुए गुरुग्राम फायर ब्रिगेड ने अपने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं। इस दौरान कर्मचारियों को अपने ड्यूटी सेंटर छोड़ने की अनुमति नहीं होगी और ड्यूटी समय को 8 घंटे से बढ़ाकर 12 घंटे कर दिया गया है।

फायर ब्रिगेड ने शहर में 100 से अधिक संवेदनशील स्थानों की पहचान की है, जहां आग लगने की संभावना अधिक हो सकती है। इन इलाकों में सुरक्षा के लिए फायर ब्रिगेड स्टेशन के अलावा 10 अन्य स्थानों पर 75 फायर टेंडर स्टैंडबॉय मोड में तैनात रहेंगे।

प्राइवेट कंपनियों के वाहन भी उपलब्ध

इन 75 वाहनों में से 10 वाहन डीएलएफ, मारुति इंडिया लिमिटेड और हल्दीराम जैसी प्राइवेट कंपनियों से मंगाए गए हैं। इन वाहनों को तुरंत आपात स्थिति में घटनास्थल पर भेजा जा सकेगा।

गुरुग्राम में फिलहाल कुल 260 फायर ब्रिगेड कर्मचारी और हरियाणा कौशल रोजगार निगम के संविदा कर्मचारी सात अग्निशमन केंद्रों पर तैनात रहेंगे।

76 घंटे तक प्रमुख जगहों पर तैनाती

चिन्हित इलाकों में रविवार सुबह 8 बजे से बुधवार सुबह 8 बजे तक दमकल गाड़ियां लगातार तैनात रहेंगी। ये इलाके घनी आबादी वाले हैं और त्योहार के दौरान यहाँ भारी भीड़ रहती है।

प्रमुख स्थलों पर फायर टीम की तैनाती

  • सिकंदरपुर मेट्रो स्टेशन
  • सदर बाज़ार
  • दौलताबाद-द्वारका एक्सप्रेसवे चौक
  • खांडसा रोड, भूतेश्वर मंदिर
  • कादीपुर चौक, राधा स्वामी सत्संग मंदिर
  • सेक्टर 32, एनसीयू विश्वविद्यालय के पास
  • पालम विहार
  • आईएमटी मानेसर चौक
  • बादशाहपुर

पड़ोसी जिलों से समन्वय

सेक्टर 29 दमकल केंद्र के अग्निशमन अधिकारी जय नारायण ने बताया कि जरूरत पड़ने पर पड़ोसी जिलों के फायर ब्रिगेड केंद्रों के साथ भी समन्वय किया गया है। उन्होंने कहा कि पहले से ही 100 से अधिक स्थानों की सूची तैयार कर ली गई है, ताकि फायर टेंडर तेजी से घटनास्थल पर पहुंच सके।

कम समय में रेस्क्यू टीम की पहुंच सुनिश्चित

ज्वाइंट डायरेक्टर गुलशन कालरा ने बताया कि शहर में कम से कम 10 सुविधाजनक स्थानों की पहचान की गई है, जहां अग्निशमन दल और वाहन 24 घंटे स्टैंडबॉय मोड में रहेंगे। इसका मकसद यह है कि टीम दमकल केंद्र से निकलने से पहले ही घटनास्थल पर पहुँच सके।

More From Author

कादीपुर में पटाखों के लिए धक्का-मुक्की, पुलिस ने लाठीचार्ज कर काबू पाया

गुरुग्राम में दिवाली की रात बनी स्टंट नाइट, युवाओं ने सड़कें बना दीं रेस ट्रैक!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *