फरुखनगर अपराध शाखा की पुलिस टीम ने गुरुवार को जैन मंदिर में हुई लाखों की चोरी का खुलासा कर दिया। पुलिस ने इस मामले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी गौरव (19) निवासी फरुखनगर और आतिश (22) निवासी कनीना, जिला महेंद्रगढ़ हैं। दोनों आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई अष्टधातु की प्रतिमा, दानपात्र और चार चांदी के मेरु बरामद किए गए हैं। इसके साथ ही चोरी में इस्तेमाल बाइक भी पुलिस ने जब्त कर ली है।
पुलिस पूछताछ में पता चला कि आतिश गुरुग्राम में दिहाड़ी मजदूरी करता है। दोनों आरोपियों ने चोरी की वारदात को अंजाम देने के लिए महिलाओं वाले वस्त्र (सलवार) पहनकर मंदिर में घुसा था, ताकि पुलिस को गुमराह किया जा सके। चोरी के बाद उन्होंने इस्तेमाल किए गए कपड़े आग लगाकर जला दिए।
यह चोरी की घटना 17-18 अक्टूबर की दरमियानी रात फरुखनगर स्थित जैन मंदिर में हुई थी। मामले की शिकायत के आधार पर थाना फरुखनगर में सुसंगत धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।
फरुखनगर अपराध शाखा की त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और गौरव को अदालत से एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
