भोंडसी कारागार में बनाई गई नई आईटीआई और स्किल डेवलपमेंट सेंटर का उद्घाटन 6 दिसंबर को होने वाला है। इसी को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों की रफ्तार बढ़ा दी है। बुधवार को डीसी अजय कुमार ने लघु सचिवालय में सभी संबंधित विभागों की बैठक ली और व्यवस्थाओं की समीक्षा की।


डीसी ने अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रम में भारत के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत आ रहे हैं, इसलिए सभी विभाग अपने काम समय पर और पूरी जिम्मेदारी के साथ पूरा करें। उन्होंने जेल परिसर में आईटीआई, स्किल सेंटर और अन्य व्यवस्थाओं की प्रगति रिपोर्ट भी देखी।
सुरक्षा और व्यवस्था पर खास ध्यान
डीसी ने कहा कि कार्यक्रम वाले दिन सुरक्षा, वाहनों की आवाजाही, मेहमानों के प्रवेश, रूट प्लान, स्वागत और मीडिया मैनेजमेंट—इन सभी पर खास ध्यान दिया जाए। उन्होंने सभी विभागों को स्पष्ट जिम्मेदारी दी कि किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
कारागार अधीक्षक विवेक चौधरी ने बताया कि मुख्य न्यायाधीश सबसे पहले कारागार में बनी नई आईटीआई और स्किल डेवलपमेंट सेंटर का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद वे आरटीसी भोंडसी में आयोजित सेमिनार को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं।
कार्यक्रम के लिए सभी विभागों को मिलकर काम करने के निर्देश
डीसी अजय कुमार ने कहा कि कार्यक्रम के दिन सभी व्यवस्थाएं समन्वय के साथ चलें। मुख्य अतिथि और अन्य मेहमानों के स्वागत, सुरक्षा और बैठने की व्यवस्था में कोई कमी न रहे। उन्होंने सभी अधिकारियों से कहा कि वे आपस में तालमेल बनाकर काम करें और कार्यक्रम को सफल बनाएं।
इन अधिकारियों ने बैठक में की शिरकत
बैठक में डीसीपी हेडक्वार्टर डॉ. अर्पित जैन, डीसीपी ट्रैफिक राजेश मोहन, एडीसी वत्सल वशिष्ठ, कारागार अधीक्षक विवेक चौधरी, एसडीएम बादशाहपुर संजीव सिंगला, एसडीएम गुरुग्राम परमजीत चहल, डीसीपी हितेश यादव, नगर निगम गुरुग्राम के संयुक्त आयुक्त और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
