सोशल मीडिया पर फर्जी और आपत्तिजनक पोस्ट के जरिए सामाजिक व धार्मिक सद्भाव बिगाड़ने के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के एक नेता को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान शौर्य मिश्रा के रूप में हुई है, जो उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले के चरवा गांव का रहने वाला है। शौर्य भाजयुमो कौशांबी का उपाध्यक्ष बताया जा रहा है।

X पर डाली थी आपत्तिजनक पोस्ट
पुलिस के अनुसार, शौर्य मिश्रा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एक आपत्तिजनक पोस्ट साझा की थी। पोस्ट में उसने दावा किया था कि गुरुग्राम की एक हिंदू कॉलेज छात्रा के साथ मुस्लिम युवकों ने रेप कर उसकी हत्या कर दी। पोस्ट में यह भी आरोप लगाया गया कि छात्रा को प्रेमजाल में फंसाकर ब्लैकमेल किया गया।

शौर्य ने इस पोस्ट में कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें भी साझा की थीं और घटना को धार्मिक रंग देने की कोशिश की थी।
पुलिस की चेतावनी के बावजूद नहीं हटाई पोस्ट
गुरुग्राम पुलिस ने पोस्ट का संज्ञान लेते हुए आरोपी को पहले चेतावनी दी थी और पोस्ट डिलीट करने को कहा था। बावजूद इसके, शौर्य ने पोस्ट नहीं हटाई। इसके बाद 11 दिसंबर को गुरुग्राम साइबर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया
कौशांबी से हुई गिरफ्तारी
साइबर थाना पुलिस की टीम, इंस्पेक्टर संदीप कुमार के नेतृत्व में, सोमवार देर शाम शौर्य मिश्रा को कौशांबी (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार कर लाई। पुलिस के अनुसार आरोपी LLB पास है।
पूछताछ में किया कबूलनामा
पूछताछ के दौरान शौर्य ने स्वीकार किया कि उसने यह पोस्ट सोशल मीडिया पर देखी थी और बिना सत्यापन के उसे अपने X हैंडल से साझा कर दिया। उसने यह भी माना कि उसे पता था कि पोस्ट आपत्तिजनक है और इससे सामाजिक व धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं।
पुलिस ने मोबाइल किया जब्त
गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी के कब्जे से उसका मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। उसे अदालत में पेश किया जाएगा। साथ ही पुलिस ने आरोपी की पोस्ट डिलीट करवा दी है और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर मौजूद इसी तरह की भ्रामक पोस्ट को भी हटवाया जा रहा है।
पुलिस की अपील
गुरुग्राम पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संवेदनशील या भ्रामक जानकारी को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की पुष्टि करें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
