गुरुग्राम के सेक्टर-31 स्थित साइबर पार्क में देर रात कुछ ऐसा हुआ, जिसने कॉरपोरेट एरिया की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। मामूली सी बात—रॉन्ग साइड से एंट्री—ने कुछ ही मिनटों में हिंसक रूप ले लिया और आखिरकार लाठी-डंडों से मर्सिडीज कार के शीशे चकनाचूर कर दिए गए।

कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मर्सिडीज कार में एक युवक और युवती सवार थे। वे साइबर पार्क के एक्जिट गेट से अंदर जाने की जिद कर रहे थे। ड्यूटी पर तैनात सिक्योरिटी गार्ड अंकित ने नियमों का हवाला देते हुए उन्हें रोक दिया। यही बात युवक को नागवार गुजरी और बहस तेज हो गई।
बहस से हाथापाई तक
कुछ ही पलों में बहस हाथापाई में बदल गई। आरोप है कि युवक ने पहले गार्ड अंकित पर हमला किया। इसके बाद अन्य सिक्योरिटी गार्ड मौके पर पहुंचे और दोनों ओर से जमकर मारपीट हुई। स्थिति इतनी बिगड़ी कि लाठी-डंडों का भी इस्तेमाल किया गया। इस झड़प में युवक और गार्ड दोनों घायल हो गए।

पुलिस पहुंची, लेकिन पीछे टूटी कार
घटना की सूचना मिलते ही झाड़सा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक व गार्ड को थाने ले जाकर मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा गया। इसी दौरान गुस्साए सिक्योरिटी गार्ड्स ने मर्सिडीज कार को निशाना बना लिया और उसके शीशे लाठी-डंडों से तोड़ दिए।
वीडियो वायरल, सवालों के घेरे में सभी
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि किस तरह कार में तोड़फोड़ की जा रही है। वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है और दोनों पक्षों की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं।
पुलिस क्या कह रही है?
जांच अधिकारी बीरबति के अनुसार, युवक की पहचान गांव इस्लामपुर निवासी चमन डागर के रूप में हुई है। दोनों पक्षों से शिकायतें ली जा रही हैं। सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। मारपीट और तोड़फोड़ में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
