मानेसर थाना क्षेत्र में 13 दिसंबर को पंचगांव–पाड़ा रोड पर खंडहरनुमा झुग्गी से बरामद युवती के शव के मामले में गुरुग्राम पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर केस में मृतका के सगे भाई सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर हत्या की गुत्थी सुलझा ली है।

झुग्गी में पड़ा मिला था युवती का शव
13 दिसंबर को पुलिस को सूचना मिली कि ग्वालियर गांव के पास पंचगांव रोड पर खाली जमीन में बनी ईंट व टीन की पुरानी झुग्गी में एक युवती का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने देखा कि युवती के गले पर चोट के निशान थे, जिससे प्रथम दृष्टया हत्या की आशंका जताई गई।
सीन ऑफ क्राइम, डॉग स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीमों ने घटनास्थल की जांच की। शव की पहचान न होने पर उसे मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया।

मृतका की पहचान, कलाई पर लिखा था “गुड़िया ”
पुलिस जांच के दौरान युवती की पहचान सुशीला (19 वर्ष) निवासी गांव बाबसा, जिला एटा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। मृतका के दाहिने हाथ की कलाई पर “गुड़िया” नाम लिखा हुआ था।
परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी रविंद्र (28 वर्ष) मृतका का सगा भाई है और गुरुग्राम में एक निजी होटल में कुक का काम करता है। दूसरा आरोपी पुष्पेंद्र (30 वर्ष) गुरुग्राम में टायर की दुकान पर हेल्पर है।
रविंद्र को पता चला कि उसकी बहन परिवार की मर्जी के खिलाफ एक युवक से शादी करना चाहती है। इसी कारण वह उसे पहले गुरुग्राम से गांव बाबसा ले गया, लेकिन सुशीला वहां से भागकर दोबारा गुरुग्राम आ गई।
शादी का झांसा देकर ले गया, चुन्नी से की हत्या
9 दिसंबर को रविंद्र ने बहन को घर चलने के लिए मनाया, लेकिन मना करने पर उसने अपने दोस्त पुष्पेंद्र के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची।
10 दिसंबर को पुष्पेंद्र ने सुशीला को यह कहकर भरोसे में लिया कि वह उसकी शादी उसके प्रेमी से करवा देगा। इसके बाद वह उसे बाइक पर बैठाकर रामपुरा चौक से पंचगांव रोड स्थित खंडहरों में ले गया, जहां चुन्नी से गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। बाद में रविंद्र को बुलाकर दोनों ने मिलकर शव को झुग्गी में फेंक दिया।
दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस रिमांड पर भेजे जाएंगे
गुरुग्राम पुलिस ने 20 दिसंबर 2025 को दोनों आरोपियों को रामपुर चौक से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान हत्या से जुड़े अन्य साक्ष्यों की बरामदगी की जाएगी।
