पटौदी स्थित हरियाणा स्टेट वेयरहाउस से हुई सरसों चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने वेयरहाउस का ताला तोड़कर 331 कट्टे सरसों चोरी की थी। पुलिस ने उनके पास से 40 कट्टे सरसों और 30 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।

30 नवंबर की रात को दिया था वारदात को अंजाम
यह चोरी 30 नवंबर 2025 की रात को हुई थी। अगले दिन 1 दिसंबर को वेयरहाउस इंचार्ज ने फर्रुखनगर थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि अज्ञात चोर पीछे के गेट का ताला तोड़कर सरसों के कट्टे ले गए।
क्राइम ब्रांच फर्रुखनगर ने दबोचे आरोपी
मामले की जांच क्राइम ब्रांच फर्रुखनगर को सौंपी गई। टीम ने तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर गुरुग्राम से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान
- अरविंद, निवासी सुंदरपुरा, कोटपूतली-बहरोड़ (राजस्थान)
- भजनलाल उर्फ भजना (36), निवासी कालर भैनी, हिसार (हरियाणा)
के रूप में हुई है।
वेयरहाउस बनाते थे निशाना
पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और पहले भी वेयरहाउस में चोरी की वारदातों को अंजाम दे चुके हैं। ये लोग ताला तोड़कर या जाली काटकर अनाज चोरी करते थे। इस केस में चोरी की गई सरसों को रोहतक और हिसार की मंडियों में करीब 9 लाख रुपये में बेच दिया गया।
भजनलाल पर 55 केस, इनामी बदमाश
मुख्य आरोपी भजनलाल के खिलाफ हरियाणा और राजस्थान के अलग-अलग जिलों में चोरी, लूट, डकैती, हथियारों के दम पर लूट और शस्त्र अधिनियम के कुल 55 मामले दर्ज हैं। हिसार जिले में शस्त्र अधिनियम के एक केस में उस पर 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
वहीं आरोपी अरविंद के खिलाफ गुरुग्राम जिले में चोरी के तीन पुराने मामले दर्ज हैं।
दो दिन के पुलिस रिमांड पर
पुलिस ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस चोरी में और कौन-कौन शामिल था और बाकी सरसों व पैसे कहां खपाए गए।
