दिल्ली-एनसीआर में लगातार बिगड़ती हवा की गुणवत्ता को देखते हुए गुरुग्राम जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। गंभीर प्रदूषण की स्थिति के बीच गुरुग्राम के डिप्टी कमिश्नर अजय कुमार ने रविवार को एडवाइजरी जारी कर सभी प्राइवेट ऑफिसों को अगले आदेश तक वर्क फ्रॉम होम सिस्टम लागू करने की सलाह दी है।

यह एडवाइजरी दिल्ली-एनसीआर में ग्रैप-IV लागू होने के बाद जारी की गई है। बीते कई दिनों से क्षेत्र में वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब’ और ‘गंभीर’ श्रेणी में बनी हुई है। सोमवार सुबह गुरुग्राम का AQI 325 दर्ज किया गया, जबकि दिल्ली में यह 366 तक पहुंच गया, जो स्वास्थ्य के लिए अत्यंत चिंताजनक है।
सरकारी और नगर निगम दफ्तरों की बदली टाइमिंग
प्रदूषण के प्रभाव को कम करने और ट्रैफिक दबाव घटाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सरकारी दफ्तरों की टाइमिंग में भी बदलाव किया है।
- राज्य सरकार के सभी दफ्तर अब सुबह 9:30 से शाम 5:30 बजे तक संचालित होंगे।
- गुरुग्राम और मानेसर नगर निगम के दफ्तर सुबह 8:30 से शाम 4:30 बजे तक खुलेंगे।
- सोहना, पटौदी मंडी और फर्रुखनगर नगर परिषद के दफ्तरों का समय भी सुबह 8:30 से शाम 4:30 बजे तय किया गया है।
भीड़ और प्रदूषण दोनों पर काबू की कोशिश

प्रशासन का कहना है कि दफ्तरों के समय में बदलाव का मकसद कर्मचारियों की आवाजाही को अलग-अलग समय पर करना है, ताकि सड़कों पर भीड़ कम हो और प्रदूषण की स्थिति और खराब न हो।
जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलें और स्वास्थ्य सुरक्षा के लिए मास्क समेत सभी जरूरी सावधानियां अपनाएं।
