यातायात नियमों और विभागीय आदेशों की अनदेखी करना ट्रैफिक पुलिस के तीन जोनल अधिकारियों को भारी पड़ गया। डीसीपी ट्रैफिक डॉ. राजेश मोहन ने लापरवाही सामने आने पर तीनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

सोमवार को दौलताबाद, कापड़ीवास और न्यू कॉलोनी इलाके में किए गए औचक निरीक्षण के दौरान यह पाया गया कि चालान की कार्रवाई के समय बॉडी कैमरे का इस्तेमाल नहीं किया जा रहा था, जबकि इसे अनिवार्य किया गया है। बॉडी कैमरा न सिर्फ कार्रवाई में पारदर्शिता सुनिश्चित करता है, बल्कि आम नागरिकों के साथ निष्पक्ष व्यवहार का भी आधार है।
इन पर गिरी गाज
- एएसआई सुरेश – दौलताबाद चौक
- एएसआई रामरिछपाल – कापड़ीवास बॉर्डर
- एएसआई सतीश – न्यू कॉलोनी
तीनों अधिकारियों को आदेशों की अवहेलना और लापरवाही के चलते निलंबित किया गया।
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि एएसआई सुरेश अपनी निजी गाड़ी पर वैध रजिस्ट्रेशन होने के बावजूद अस्थायी नंबर प्लेट लगाकर चल रहे थे। इसे यातायात नियमों का उल्लंघन मानते हुए वाहन का नियमानुसार चालान किया गया।
डीसीपी ट्रैफिक का साफ संदेश
डीसीपी ट्रैफिक डॉ. राजेश मोहन ने कहा कि
“यातायात नियमों और विभागीय निर्देशों का पालन हर हाल में किया जाना चाहिए। लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”
जीरो टॉलरेंस पर ट्रैफिक पुलिस
मंगलवार को आयोजित जनरल परेड में डीसीपी ट्रैफिक ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कहीं भी ट्रैफिक जाम की स्थिति न बने, इसके लिए चौराहों और व्यस्त सड़कों पर लगातार निगरानी रखी जाए।
साथ ही, चालान के दौरान बॉडी कैमरा पहनना अनिवार्य बताया गया। डीसीपी ने कहा कि इससे न सिर्फ कार्रवाई पारदर्शी होती है, बल्कि पुलिस और आमजन के बीच भरोसा भी मजबूत होता है।
