गुरुग्राम में ट्रैफिक जाम और नियम उल्लंघन पर लगाम कसने के लिए पुलिस ने बड़ा और निर्णायक कदम उठाया है। पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा ने बुधवार को ट्रैफिक टॉवर स्थित अत्याधुनिक यातायात नियंत्रण कक्ष का उद्घाटन किया। यह नया कंट्रोल रूम शहर की ट्रैफिक मॉनिटरिंग और कार्रवाई प्रणाली को पूरी तरह बदल देगा।

अब एक ही जगह से होगी पूरे शहर की निगरानी
नए नियंत्रण कक्ष में बड़ी और आधुनिक वीडियो वॉल लगाई गई है, जिससे शहर के प्रमुख चौराहों और व्यस्त मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की लाइव मॉनिटरिंग सीधे यहीं से की जा सकेगी।
पहले ट्रैफिक से जुड़ी लाइव फीड देखने के लिए अधिकारियों को Gurugram Metropolitan Development Authority (जीएमडीए) के इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर जाना पड़ता था, लेकिन अब सारी सुविधाएं ट्रैफिक टॉवर में ही उपलब्ध होंगी।
इससे जाम, दुर्घटना या आपात स्थिति में तुरंत निर्णय लेकर मौके पर कार्रवाई संभव हो सकेगी।
रेड लाइट जंप पर अब सख्ती तय
पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा ने कहा कि तकनीक की मदद से रेड लाइट उल्लंघन और अन्य ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर अब और सख्त तथा पारदर्शी कार्रवाई की जाएगी।
ऑनलाइन चालान जारी करते समय संबंधित स्थान की लाइव स्थिति वीडियो वॉल पर देखी जा सकेगी। इससे गलत चालान या विवाद की संभावना कम होगी और कार्रवाई पूरी तरह न्यायसंगत होगी।
जाम से राहत, इमरजेंसी में तुरंत मदद
गुरुग्राम तेजी से विकसित हो रहा शहर है और यहां ट्रैफिक दबाव लगातार बढ़ रहा है। ऐसे में यह आधुनिक नियंत्रण कक्ष शहरवासियों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकता है।
ट्रैफिक पुलिस अधिकारियों के अनुसार, वीडियो वॉल के माध्यम से रेड लाइट टाइमिंग को भी सटीक रूप से मैनेज किया जाएगा। इससे अनावश्यक देरी कम होगी और नियम उल्लंघन पर प्रभावी नियंत्रण लगेगा।
स्मार्ट पुलिसिंग की ओर मजबूत कदम
यह पहल गुरुग्राम पुलिस की डिजिटल और स्मार्ट पुलिसिंग की दिशा में एक अहम उपलब्धि मानी जा रही है। आने वाले समय में इससे न केवल ट्रैफिक व्यवस्था सुधरेगी बल्कि शहर की सुरक्षा व्यवस्था भी और मजबूत होगी।
