गुरुग्राम में मलेरिया और डेंगू का खतरा बढ़ा, स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर

गुरुग्राम बरसात के मौसम में गुरुग्राम में मौसमी बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ रहा है। शहर के अस्पतालों में बुखार के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है, वहीं अब तक मलेरिया के दो कन्फर्म केस सामने आ चुके हैं। हालात को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है और जिले में व्यापक स्तर पर निरीक्षण और फॉगिंग अभियान चलाया जा रहा है।


14,716 घरों और सार्वजनिक स्थलों का निरीक्षण
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. विकास स्वामी ने जानकारी दी कि मलेरिया और डेंगू की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार फील्ड में काम कर रही हैं। अब तक कुल 14,716 घरों और सार्वजनिक स्थानों का निरीक्षण किया जा चुका है।

इस दौरान पुलिस थाना उद्योग विहार, ईएसआई डिस्पेंसरी (डूंडाहेड़ा) समेत कुल 134 स्थानों पर मलेरिया और डेंगू के लार्वा पाए गए हैं। इन सभी जगहों को नोटिस जारी कर दिए गए हैं।

लार्वा मिलने पर कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने जिन स्थानों पर लार्वा पाया गया, वहां कूलरों और पानी के कंटेनरों की सफाई कर औषधीय छिड़काव के माध्यम से लार्वा नष्ट किया गया। अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी गई है कि यदि दोबारा निरीक्षण में लार्वा पाया गया तो जुर्माना लगाया जाएगा।

फॉगिंग और एंटी-लार्वा उपायों में तेजी
डॉ. स्वामी ने बताया कि लगातार बारिश की वजह से जगह-जगह पानी जमा हो गया है, जिससे मच्छरों के प्रजनन की आशंका बढ़ गई है। इसको ध्यान में रखते हुए जिले के हॉटस्पॉट क्षेत्रों में फॉगिंग और पानी में दवा/तेल का छिड़काव किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग की अलग-अलग टीमें न सिर्फ आवासीय क्षेत्रों, बल्कि सरकारी संस्थानों और व्यावसायिक परिसरों में भी वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम के लिए अभियान चला रही हैं।

जनता से अपील
स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से अपील की है कि वे अपने घरों और आसपास के इलाकों में पानी जमा न होने दें, कूलर और कंटेनर की नियमित सफाई करें, और लार्वा दिखाई देने पर तुरंत स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र को सूचित करें।

More From Author

गुरुग्राम में दो मेट्रो स्टेशनों पर बनेगी बहुमंजिला पार्किंग – DMRC की नई योजना

गुरुग्राम के सभी पार्कों में लगेंगे रेन वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम, शुरू हुआ सर्वे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *