उत्तराखंड के मशहूर पर्यटन स्थल मसूरी में गुरुग्राम से घूमने पहुंचे कुछ युवकों की दबंगई देखने को मिली। कार की मामूली टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि गुरुग्राम से आए पर्यटकों ने स्थानीय लोगों के साथ जमकर मारपीट की। इतना ही नहीं, बीच-बचाव करने आई एक महिला पर भी दूध की प्लास्टिक क्रेट से हमला कर दिया। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

कार टकराई, फिर सड़क पर शुरू हो गया बवाल
जानकारी के मुताबिक, 28 जून की रात करीब 10 से 11 बजे के बीच गुरुग्राम से चार युवक टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस कार से मसूरी पहुंचे थे। बाटा शोरूम के पास उनकी कार स्थानीय लोगों की कार से टकरा गई। पहले दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन कुछ ही मिनटों में मामला हाथापाई तक पहुंच गया।

दूध की क्रेट उठाकर किया हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के दौरान एक युवक ने पास में रखी दूध की प्लास्टिक क्रेट उठाकर एक स्थानीय व्यक्ति के सिर पर दे मारी। वार इतना जोरदार था कि व्यक्ति का सिर फट गया। इसके बाद घायल को सड़क पर गिराकर लात-घूंसों से भी पीटा गया।
महिला को भी नहीं बख्शा
स्थानीय कन्फेक्शनरी संचालक प्रदीप गुप्ता ने बताया कि मारपीट करीब 10 मिनट तक चलती रही। इस दौरान जब एक महिला बीच-बचाव करने पहुंची तो उस पर भी क्रेट से हमला कर दिया गया। महिला सड़क पर गिर गई और उसे चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही मसूरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति पर काबू पाया।
गुरुग्राम का युवक गिरफ्तार
पुलिस ने मौके से गुरुग्राम के सिकंदरपुर निवासी 36 वर्षीय नीरज राघव को हिरासत में लिया। मेडिकल जांच के बाद उसे भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत शांति व्यवस्था भंग करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया। बाद में आरोपी को कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया।
कार का भी हुआ चालान
मारपीट में इस्तेमाल की गई टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस कार का मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किया गया। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच जारी है। यदि जांच में अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
