गुरुग्राम में राजीव चौक का रोज का जाम आखिर क्यों लगता है? अब इसकी एक बड़ी वजह सामने आई है। ताऊ देवीलाल स्टेडियम के सामने सोहना एलिवेटेड रोड पर बने एंट्री और एग्जिट पॉइंट को लेकर NHAI ने बदलाव की योजना बनाई है। अगर यह बदलाव लागू होता है, तो पीक ऑवर्स में यहां ट्रैफिक को काफी हद तक आसान किया जा सकता है।

एक ही जगह से एंट्री और एग्जिट बन रही परेशानी
दरअसल, ताऊ देवीलाल स्टेडियम के सामने सोहना एलिवेटेड रोड पर एंट्री और एग्जिट पॉइंट एक ही जगह पर हैं। इसी वजह से अलग-अलग दिशाओं से आने वाले वाहनों का ट्रैफिक एक ही जगह पर मिल जाता है। पीक ऑवर्स में गुरुग्राम से सोहना की तरफ जाने वाले वाहनों की संख्या बढ़ जाती है। वहीं, शहर की तरफ से अंडरपास के जरिए आने वाले वाहन भी इसी जगह से एलिवेटेड रोड से बाहर निकलते हैं। दोनों तरफ का ट्रैफिक एक जगह मिलने से यहां बॉटलनेक बन जाता है और देखते ही देखते जाम राजीव चौक तक पहुंच जाता है।
अब एंट्री पॉइंट करीब 200 मीटर आगे होगा
जाम की इस समस्या को देखते हुए NHAI ने एंट्री पॉइंट को शिफ्ट करने की योजना बनाई है। ताऊ देवीलाल स्टेडियम के सामने मौजूदा एंट्री पॉइंट को सोहना की तरफ करीब 200 मीटर आगे ले जाने की तैयारी है। इससे एंट्री और एग्जिट पॉइंट के बीच ज्यादा दूरी हो जाएगी। उम्मीद है कि इससे दोनों तरफ से आने वाले वाहनों को ज्यादा जगह मिलेगी और ट्रैफिक एक ही जगह पर नहीं फंसेगा।

राजीव चौक और NH-48 पर भी पड़ेगा असर
फिलहाल स्टेडियम के सामने लगने वाले जाम का असर सिर्फ सोहना रोड तक सीमित नहीं रहता। जाम बढ़ने पर इसका असर राजीव चौक और फिर NH-48 तक दिखाई देता है। शाम के समय पीक ऑवर्स में हाईवे पर वाहनों की लंबी लाइन लग जाती है। ऐसे में एंट्री पॉइंट को आगे शिफ्ट करने का मकसद सिर्फ स्टेडियम के सामने का ट्रैफिक सुधारना नहीं, बल्कि राजीव चौक से NH-48 तक ट्रैफिक फ्लो को बेहतर करना भी है।
ट्रैफिक पुलिस की मॉनिटरिंग में सामने आई वजह
राजीव चौक पर तैनात ट्रैफिक इंस्पेक्टर करण सिंह ने ताऊ देवीलाल स्टेडियम के पास लगने वाले जाम की मॉनिटरिंग की। इसमें एक ही जगह पर एलिवेटेड रोड की एंट्री और एग्जिट होना जाम की बड़ी वजह के तौर पर सामने आया। अब NHAI इसी प्वाइंट को बदलने की योजना पर काम कर रहा है। अगर प्रस्तावित बदलाव लागू होता है, तो सुभाष चौक, राजीव चौक और सोहना की तरफ रोज आने-जाने वाले लोगों को पीक ऑवर्स में राहत मिल सकती है।
