गुरुग्राम सिविल लाइंस स्थित नेहरू स्टेडियम में खिलाड़ियों से जुड़ा एक जरूरी काम करीब पांच महीने से अधूरा पड़ा था। अब इस काम को दोबारा शुरू कर दिया गया है। निर्माण स्थल पर सामग्री पहुंचने के साथ मजदूरों ने भी काम शुरू कर दिया है। ऐसे में खिलाड़ियों को जल्द ही नई सुविधा मिलने की उम्मीद है। दरअसल, नेहरू स्टेडियम के मल्टीपर्पज हॉल और रेसलिंग रूम में चेंजिंग रूम और हॉल से जुड़े निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। लेकिन काम बीच में बंद होने के कारण निर्माण अधूरा रह गया था।

कितना होगा खर्चा
जिला योजना 2025-26 के तहत पंचायत विभाग की ओर से स्टोर रूम के निर्माण पर करीब 10 लाख रुपये, जबकि चेंजिंग रूम के लिए करीब 13 लाख रुपये खर्च किए जाने हैं। यानी दोनों कार्यों पर करीब 23 लाख रुपये खर्च होने हैं।
खिलाड़ियों को हो रही थी परेशानी
नेहरू स्टेडियम में रोजाना बड़ी संख्या में खिलाड़ी अलग-अलग खेलों का अभ्यास करने पहुंचते हैं। खेल उपकरण सुरक्षित रखने और अभ्यास के दौरान कपड़े बदलने के लिए पर्याप्त सुविधा नहीं होने के कारण खिलाड़ियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। अब निर्माण कार्य दोबारा शुरू होने से खिलाड़ियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
अधिकारियों की ओर से संबंधित एजेंसी को काम में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए हैं। अब सवाल यह है कि करीब पांच महीने से अटका यह काम आखिर तय समय में पूरा हो पाएगा या नहीं? अधिकारियों के मुताबिक निर्माण को जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जा रहा है।
