रात के करीब 12 बजे सड़क पर एक कपल अपनी कार से घर लौट रहा था। तभी पीछे से आई एक वैन ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। पहले ओवरटेक किया, फिर अचानक कार के आगे ब्रेक लगा दिए। वैन में सवार लोग बाहर निकलने की कोशिश करने लगे। इसके बाद कपल ने जो किया, वह उनकी जान बचाने वाला फैसला साबित हो सकता था। करीब 1 किलोमीटर तक चले इस पीछा करने के मामले ने गुरुग्राम की सुरक्षा व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

कहाँ हुआ हादसा
यह पूरा मामला गुरुग्राम के सेक्टर-70 के पास दरबारीपुर रोड का है। दिवाली की रात करीब 11:55 बजे शुभम जैन अपनी पत्नी के साथ कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक वैन में सवार कुछ लोगों ने कथित तौर पर उनकी कार का पीछा करना शुरू कर दिया।
ओवरटेक कर अचानक लगाया ब्रेक
शुभम जैन के मुताबिक, शुरुआत में उन्हें लगा कि वैन सवार लोग ओवरटेक करना चाहते हैं। लेकिन जैसे ही वैन उनकी कार से आगे निकली और अचानक ब्रेक लगा दिए, उन्हें कुछ गड़बड़ होने का शक हुआ। वैन में बैठे लोग बाहर निकलने की तैयारी करने लगे। ऐसे में शुभम ने कार रोकने के बजाय सीधे अपनी सोसाइटी की तरफ गाड़ी दौड़ा दी। करीब 1 किलोमीटर तक वैन उनकी कार का पीछा करती रही।
सोसाइटी गेट तक पहुंचे वैन सवार
किसी तरह शुभम अपनी पत्नी के साथ सोसाइटी के गेट तक पहुंच गए। वहां मौजूद सिक्योरिटी गार्ड्स ने वैन को रोक लिया। लेकिन मामला यहीं खत्म नहीं हुआ। शुभम के अनुसार, वैन सवार लोगों ने सिक्योरिटी गार्ड्स के साथ भी बहस की और करीब 20 मिनट तक गेट पर हंगामा किया। इस घटना के डैशकैम और सोसाइटी गेट के CCTV फुटेज शुभम ने सोशल मीडिया पर शेयर किए हैं। उन्होंने बताया कि इस घटना को याद करके आज भी उनके रोंगटे खड़े हो जाते हैं।
कार दोबारा दिखी तो भुगतने होंगे नतीजे!
शुभम ने अपनी पोस्ट में आरोप लगाया कि वैन में सवार व्यक्ति ने धमकी दी कि अगर उनकी कार दोबारा इलाके में दिखाई दी तो उन्हें इसके नतीजे भुगतने होंगे।उन्होंने यह भी बताया कि घटना के बाद दोस्तों और परिवार के लोगों ने उन्हें चुप रहने और मामले को आगे न बढ़ाने की सलाह दी। उन्हें डर है कि शिकायत करने से उनके और उनके परिवार की सुरक्षा पर असर पड़ सकता है।
शुभम ने अपनी पोस्ट में सवाल उठाया कि जिस इलाके में तेजी से बड़े रिहायशी प्रोजेक्ट बन रहे हैं, वहां आम लोगों की सुरक्षा का क्या हाल है? उन्होंने बताया कि घटना पुलिस स्टेशन से करीब 1 किलोमीटर की दूरी पर हुई। उनका कहना है कि आम नागरिक टैक्स देने के बावजूद अपनी सुरक्षा के लिए निजी सोसाइटी सिक्योरिटी पर निर्भर रहने को मजबूर हैं।
गुरुग्राम पुलिस ने लिया संज्ञान
इस मामले में शुभम की सोशल मीडिया पोस्ट पर गुरुग्राम पुलिस ने प्रतिक्रिया दी है। पुलिस ने उनसे संपर्क नंबर और घटना की पूरी जानकारी मांगी है, ताकि मामले की जांच की जा सके और संबंधित लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा सके।
