अमेरिका में दबोचा गया मोस्टवांटेड! गुरुग्राम की किन वारदातों से जुड़ा है नाम?

सात समंदर पार बैठकर दिल्ली-NCR में वारदातों को अंजाम देने के आरोपों से चर्चा में आया गैंगस्टर हिमांशु भाऊ अब अमेरिकी एजेंसियों की गिरफ्तारी में है। गुरुग्राम में यूट्यूबर एल्विश यादव के घर से लेकर कार शोरूम पर हुई ताबड़तोड़ फायरिंग तक, कई मामलों में उसका नाम सामने आ चुका है। अब उसकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस को किन बड़े खुलासों की उम्मीद है?

गुरुग्राम में गोलियों की गूंज, कारोबारियों से करोड़ों की रंगदारी और विदेश में बैठकर गैंग चलाने के आरोप इन सबके बीच एक ऐसा नाम सामने आया, जिसकी तलाश भारतीय एजेंसियों को लंबे समय से थी। नाम है हिमांशु भाऊ। अमेरिका में हिमांशु भाऊ और नीरज फरीदपुरिया की गिरफ्तारी के बाद अब हरियाणा पुलिस को उम्मीद है कि कई पुराने मामलों की गुत्थी सुलझ सकती है।

एल्विश यादव के घर पर फायरिंग में आया था नाम
अगस्त 2025 में बिग बॉस ओटीटी-2 के विजेता और यूट्यूबर एल्विश यादव के गुरुग्राम के सेक्टर-57 स्थित घर पर तीन शूटरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट के जरिए वारदात की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था। इस मामले में हिमांशु भाऊ का नाम भी सामने आया था। जानकारी के मुताबिक, फायरिंग से पहले एल्विश यादव को फोन पर करोड़ों रुपये की रंगदारी देने की धमकी भी मिली थी। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया था।

कार शोरूम पर भी बरसी थीं गोलियां
गुरुग्राम में हिमांशु भाऊ गैंग का नाम एक और बड़ी वारदात में सामने आया था। हीरो होंडा चौक के पास स्थित बिग बाय टायज कार शोरूम पर कई राउंड फायरिंग की गई थी। इस घटना की जिम्मेदारी भी हिमांशु भाऊ गैंग ने सोशल मीडिया पर लेने का दावा किया था। इन घटनाओं ने गुरुग्राम के कारोबारियों और आम लोगों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े किए थे। अब अमेरिकी एजेंसियों की कार्रवाई के बाद इन मामलों में जांच आगे बढ़ने की उम्मीद है।

हरियाणा STF ने घोषित किया था इनाम
हिमांशु भाऊ और विदेश में बैठे अन्य गैंगस्टरों पर शिकंजा कसने के लिए हरियाणा एसटीएफ ने भी कार्रवाई की थी। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, हिमांशु भाऊ, रोहित गोदारा, रणदीप मलिक और अनिल पंडित पर 10-10 लाख रुपये का इनाम घोषित करने की संस्तुति की गई थी। इन गैंगस्टरों पर हरियाणा समेत दिल्ली, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में कई आपराधिक मामलों में नाम सामने आने के चलते एजेंसियां इनकी तलाश कर रही थीं।

भारत कब लाया जाएगा हिमांशु भाऊ?
हरियाणा एसटीएफ के एसपी वसीम अकरम के मुताबिक, अमेरिका में पकड़े गए गैंगस्टरों को भारत लाने के लिए डिपोर्टेशन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। हिमांशु भाऊ को हरियाणा लाकर विभिन्न मामलों में पूछताछ करने की तैयारी है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान विदेश में बैठे दूसरे गैंगस्टरों, उनके नेटवर्क और गुरुग्राम समेत एनसीआर में हुई वारदातों से जुड़े अहम सुराग मिल सकते हैं।

More From Author

GST नंबर या रिश्वत का खेल? गुरुग्राम में महिला इंस्पेक्टर ऐसे फंसी ACB के जाल में!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *