गुरुग्राम की सड़कों पर गंदगी फैलाना, पॉलीथिन का इस्तेमाल करना या निर्माण सामग्री को बिना ढके ले जाना अब भारी पड़ सकता है। नगर निगम गुरुग्राम की कार्रवाई के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। 1 अक्टूबर से 23 अक्टूबर 2026 तक शहर में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ 827 चालान काटे गए हैं और कुल 30 लाख 18 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया है।

पॉलीथिन से लेकर निर्माण के कचरे तक पर कार्रवाई
नगर निगम की कार्रवाई में सबसे ज्यादा मामले पॉलीथिन के इस्तेमाल से जुड़े रहे। इस दौरान पॉलीथिन के 414 चालान काटे गए, जिन पर 3.09 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, दुकानों और अन्य स्थानों पर डस्टबिन उपलब्ध नहीं होने के 191 मामलों में 95,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। निर्माण एवं विध्वंस (C&D) वेस्ट के 40 मामलों में 9.65 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा, निर्माण सामग्री को बिना ढके ले जाने वाले वाहनों के 38 मामलों में 1.90 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
किन पर है सख्ती
शहर में कचरा जलाने के 21 मामलों में 1.05 लाख रुपये और खुले में शौच के 21 मामलों में 10,500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। पानी की बर्बादी के 9 मामलों में 13,500 रुपये तथा सीवेज और सेप्टेज से जुड़े 5 मामलों में 1.75 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं, धूल नियंत्रण के नियमों का पालन नहीं करने पर 13 मामलों में 3.25 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। थोक में कचरा डंप करने के 3 मामलों में 1 लाख रुपये और बल्क वेस्ट जनरेटर (BWG) से जुड़े एक मामले में 25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया।
इसके अतिरिक्त, पशु गोबर से जुड़े एक मामले में 5 हजार रुपये और नालों में कचरा डालने तथा अवैध कनेक्शन से संबंधित 70 मामलों में कुल 7 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
नियमों का पालन करने की अपील
निगमायुक्त प्रदीप दहिया ने नागरिकों, दुकानदारों और निर्माण एजेंसियों से स्वच्छता एवं पर्यावरण संबंधी नियमों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि कचरा निर्धारित स्थानों पर ही डालें, निर्माण सामग्री को ढककर रखें, कचरा न जलाएं और पानी की बर्बादी से बचें। नगर निगम का कहना है कि गुरुग्राम को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण के अनुकूल बनाने के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। ऐसे में शहरवासियों के लिए जरूरी है कि वे नियमों का पालन करें, क्योंकि छोटी-सी लापरवाही भी जेब पर भारी पड़ सकती है।
