सड़क पर काम की तलाश में निकले छह मजदूरों को शायद अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही मिनटों में उनका सफर अस्पताल तक पहुंच जाएगा। अचानक सामने से तेज रफ्तार स्कॉर्पियो आई और ई-रिक्शा को ऐसी जोरदार टक्कर मारी कि उसमें सवार सभी छह मजदूर सड़क पर जा गिरे। हादसे में दो महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए।

कहाँ हुआ हादसा
यह हादसा सोहना में दमदमा जाने वाले मार्ग पर शनिवार सुबह करीब 9 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक, छह मजदूर ई-रिक्शा में सवार होकर काम पर जा रहे थे। इनमें दो महिलाएं भी शामिल थीं। ई-रिक्शा गांव खाईका से थोड़ा पहले पहुंचा ही था कि सामने से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उसे टक्कर मार दी।
गलत दिशा में आकर स्कॉर्पियो ने मारी टक्कर
ई-रिक्शा में सवार मजदूर रोहित के मुताबिक, स्कॉर्पियो काफी तेज रफ्तार में लहराते हुए आ रही थी। चालक ने गलत दिशा में आकर सीधे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि स्कॉर्पियो का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ई-रिक्शा भी पूरी तरह टूट गया। हादसे के बाद ई-रिक्शा में बैठे मजदूर सड़क पर इधर-उधर जा गिरे। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को संभाला और सभी को सोहना के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया।
दो महिलाओं समेत छह मजदूर घायल
हादसे में घायल लोगों की पहचान 55 वर्षीय दुलीचंद, 18 वर्षीय रोहित, 35 वर्षीय बीर सिंह, 35 वर्षीय गुड्डी, 45 वर्षीय रज्जो और 50 वर्षीय सुभाष के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सभी मजदूर दूसरे राज्यों से आकर सोहना में किराए पर रहते हैं और मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। छह घायलों में से पांच को बेहतर इलाज के लिए गुरुग्राम रेफर किए जाने की संभावना जताई जा रही है।
मौके पर पकड़ी गई स्कॉर्पियो
हादसे के बाद स्कॉर्पियो को मौके पर ही पकड़ लिया गया। हालांकि, इस मामले में पुलिस की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है फिलहाल हादसे में घायल सभी मजदूरों का इलाज जारी है। अब सवाल यह है कि आखिर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर कब सख्ती होगी, ताकि सड़क पर काम की तलाश में निकलने वाले लोगों की जिंदगी खतरे में न पड़े?
