क्रेटा का सनरूफ खुलते ही शुरू हुआ हंगामा! आखिर क्या कर रहे थे युवक?

रात के समय गली में अचानक तेज म्यूजिक बजने लगे, कार का सनरूफ खुला था और कुछ युवक हाथ बाहर निकालकर जमकर हुड़दंग मचा रहे थे। लेकिन जब एक परिवार ने इसका विरोध किया तो युवक उनसे ही बदसलूकी करने लगे। मामला पुलिस तक पहुंचा तो अब तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

मामला गुरुग्राम के सेक्टर-5 थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक, 31 अक्टूबर 2026 को एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि उसके घर के बाहर गली में सफेद रंग की क्रेटा कार में कुछ युवक तेज आवाज में म्यूजिक बजाकर हुड़दंग कर रहे थे।

विरोध करने पर परिवार से की बदसलूकी
शिकायतकर्ता के अनुसार, युवक कार का सनरूफ खोलकर तेज आवाज में गाने बजा रहे थे और हाथ लहराते हुए शोर मचा रहे थे। जब परिवार ने इस हरकत का विरोध किया तो युवकों ने उनके साथ भी बदतमीजी की। शिकायत मिलने के बाद सेक्टर-5 थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।

18 से 22 साल के तीन युवक गिरफ्तार
पुलिस टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 1 नवंबर को इस मामले में शामिल तीन युवकों को पकड़ लिया। इनकी पहचान:
– प्रवीन कुमार (18 वर्ष), निवासी 12 बिस्वा, गुड़गांव गांव।
– यश (19 वर्ष), निवासी राजीव नगर, सेक्टर-12।
– दिव्यांश (22 वर्ष), निवासी 12 बिस्वा, गुड़गांव गांव।
के रूप में हुई है।

पुलिस ने क्रेटा कार भी की बरामद
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने दोस्तों के साथ कार का सनरूफ खोलकर तेज आवाज में म्यूजिक बजाने, हाथ लहराकर हुड़दंग करने और राहगीरों के साथ गलत व्यवहार करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई सफेद रंग की क्रेटा कार भी बरामद कर ली है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है।

हुड़दंग करने वालों पर पुलिस की नजर
गुरुग्राम पुलिस ने साफ किया है कि सार्वजनिक जगहों पर शोर मचाने, तेज आवाज में म्यूजिक बजाने और यातायात नियमों को तोड़ने वालों पर नजर रखी जा रही है। ऐसे लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

More From Author

आधी रात गोल्फ कोर्स रोड पर क्या हुआ? बेकाबू SUV ने 2 गाड़ियों को उड़ाया, VIDEO वायरल!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *