अगर आपके इलाके में अचानक बिजली चली जाए और घर में इन्वर्टर के अलावा कोई बैकअप न हो, तो कितनी परेशानी होगी। कुछ ऐसी ही चिंता अब गुरुग्राम के DLF सिटी फेज-1 में रहने वाले लोगों को सता रही है। दरअसल, यहां पार्कों, ग्रीन बेल्ट और खुले स्थानों पर लगे डीजल जनरेटर (DG) सेट हटाने के आदेश जारी किए गए हैं। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने DLF लिमिटेड और DLF सिटी RWA को इसके लिए सिर्फ 7 दिन का समय दिया है।

सात दिन में हटाने होंगे सभी अनधिकृत DG सेट
विभाग के जिला नगर योजनाकार (इंफोर्समेंट) कार्यालय ने साफ निर्देश दिए हैं कि DLF फेज-1 के पार्कों, ग्रीन बेल्ट और खुले स्थानों पर लगे सभी अनधिकृत DG सेट हटाए जाएं। साथ ही, जिन जगहों पर ये सेट लगाए गए हैं, उन्हें पहले जैसी स्थिति में बहाल करना होगा।
विभाग ने चेतावनी दी है कि अगर तय समय में आदेश का पालन नहीं किया गया तो बिना किसी अतिरिक्त नोटिस के सख्त कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर DG सेट हटाकर जब्त भी किए जा सकते हैं।
NGT में शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
यह पूरा मामला DLF फेज-1 के A ब्लॉक RWA की ओर से राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) में की गई शिकायत के बाद सामने आया है। इस मामले में आवेदन संख्या 451/2026 के तहत DLF फेज-1 A ब्लॉक RWA बनाम हरियाणा राज्य एवं अन्य के नाम से याचिका दर्ज की गई थी।
शिकायत मिलने के बाद विभाग के अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। जांच में सामने आया कि फेज-1 के कई ब्लॉकों में पार्कों और ग्रीन बेल्ट के अंदर DG सेट लगाए गए हैं, जबकि स्वीकृत लेआउट प्लान में इन जगहों पर DG सेट लगाने की अनुमति नहीं है। इसी आधार पर विभाग ने हरियाणा शहरी क्षेत्र विकास एवं विनियमन अधिनियम, 1975 की धारा 3बी के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
DG सेट हटे तो सैकड़ों परिवारों को होगी परेशानी?
इस कार्रवाई के बाद इलाके में बिजली बैकअप को लेकर चिंता बढ़ गई है। DLF सिटी RWA के महासचिव मनीष धवन का कहना है कि अलग-अलग ब्लॉकों की RWA पिछले कई वर्षों से इन DG सेट के जरिए घरों को बिजली बैकअप दे रही हैं। उन्होंने बताया कि इलाके में कई ऐसे परिवार हैं, जिनके घरों में बुजुर्ग, मरीज और पढ़ने वाले बच्चे हैं। ऐसे में बिजली बैकअप बंद होने से उन्हें परेशानी हो सकती है।
RWA ने विभाग से मांग की है कि DG सेट हटाने से पहले संबंधित RWA के साथ बैठक की जाए और सुरक्षा नियमों को ध्यान में रखते हुए कोई व्यावहारिक समाधान निकाला जाए।
सुरक्षा और प्रदूषण भी बड़ी वजह
A ब्लॉक RWA के अध्यक्ष आदित्य एंडले का कहना है कि पार्कों और ग्रीन बेल्ट में DG सेट लगाना स्वीकृत लेआउट प्लान का उल्लंघन है। इसके अलावा, इलाके में PNG गैस पाइपलाइन बिछाने का काम भी चल रहा है। ऐसे में DG सेट की केबल और गैस पाइपलाइन आसपास होने से हादसे का खतरा पैदा हो सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि खुले स्थानों पर लगे DG सेट GRAP के नियमों का उल्लंघन भी हो सकते हैं।
