बाहर से देखने पर यह एक आम मकान था, लेकिन इसके अंदर क्या रखा था, इसकी भनक शायद आसपास के लोगों को भी नहीं थी। दो-तीन महीने बाद जब मकान मालिक घर लौटा तो अंदर का नजारा देखकर हैरान रह गया। घर में पटाखों का बड़ा जखीरा रखा हुआ था। शिकायत पुलिस तक पहुंची तो जांच शुरू हुई।

भाई ने घर में रखा था पटाखों का जखीरा
पुलिस के अनुसार, मामला गुरुग्राम के सेक्टर-15 पार्ट-2 का है। यहां रहने वाले एक व्यक्ति ने 24 अक्टूबर को थाना सिविल लाइन में शिकायत दी थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह पिछले दो से तीन महीने से घर से बाहर था। वापस लौटने पर उसे अपने मकान में भारी मात्रा में पटाखे रखे मिले। शिकायत में उसने पटाखे अपने भाई द्वारा रखे जाने की बात कही।
पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार
शिकायत के आधार पर पुलिस ने विस्फोटक अधिनियम और BNS की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 2 नवंबर को संदीप नाम के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सेक्टर-15 पार्ट-2 का ही निवासी है। पुलिस ने उसके कब्जे से 328 किलो 650 ग्राम पटाखे बरामद किए हैं।
सदर बाजार में है खिलौनों की दुकान
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी की गुरुग्राम के सदर बाजार स्थित ट्रंक मार्केट में खिलौनों की दुकान है। पुलिस के मुताबिक, वह इन पटाखों को बेचने के उद्देश्य से लेकर आया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
