गुरुग्राम में अगर आप किसी होटल या रेस्टोरेंट में तंदूरी रोटी, नान या कबाब खाने जाते हैं, तो अब वहां का तंदूर पहले जैसा नहीं रह सकता। शहर में बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए जिला प्रशासन ने ऐसा आदेश जारी किया है, जिसका सीधा असर होटल, रेस्टोरेंट और खुले भोजनालयों पर पड़ेगा।

कोयले और लकड़ी वाले तंदूर पर लगा प्रतिबंध
गुरुग्राम और मानेसर में अब होटल, रेस्टोरेंट और खुले भोजनालयों में कोयले या लकड़ी से चलने वाले तंदूर का इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा। जिलाधीश एवं डीसी उत्तम सिंह ने वायु प्रदूषण पर रोक लगाने के लिए तत्काल प्रभाव से यह आदेश जारी किया है। यह फैसला वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) के ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के संशोधित प्रावधानों के तहत लिया गया है।
अब किस ईंधन से जलेंगे तंदूर?
प्रशासन के नए आदेश के मुताबिक, होटल और रेस्टोरेंट संचालक बिजली, गैस या अन्य अनुमोदित स्वच्छ ईंधन से चलने वाले उपकरणों का ही इस्तेमाल कर सकेंगे। यानी कोयले और लकड़ी के तंदूर की जगह अब स्वच्छ ईंधन वाले विकल्प अपनाने होंगे।
नियम तोड़ा तो होगी कार्रवाई
जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि आदेश का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम गुरुग्राम, नगर निगम मानेसर और हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अधिकारियों को प्रतिबंध लागू कराने की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, एसडीएम संबंधित विभागों के साथ मिलकर अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण करेंगे। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि वे रोजाना निरीक्षण की रिपोर्ट, नियमों के उल्लंघन और की गई कार्रवाई का ब्यौरा जिला प्रशासन को सौंपें।
प्रदूषण पर लगाम लगाने की कोशिश
गुरुग्राम में बढ़ते वायु प्रदूषण के बीच प्रशासन लगातार सख्त कदम उठा रहा है। कोयले और लकड़ी से जलने वाले तंदूरों पर प्रतिबंध भी इसी मुहिम का हिस्सा है। अब देखना होगा कि शहर के होटल और रेस्टोरेंट संचालक इस आदेश का कितना पालन करते हैं।
