आपकी कार बाहर खड़ी है और आप अंदर शॉपिंग कर रहे हैं… तभी कोई चुपचाप आता है, कार का शीशा तोड़ता है और अंदर रखा लैपटॉप या बैग लेकर गायब हो जाता है। जब तक आपको चोरी का पता चलता है, तब तक चोर काफी दूर निकल चुके होते हैं। इसी तरीके से चोरी करने वाले ठक-ठक गैंग के दो सदस्यों को गुरुग्राम पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे। इनकी पहचान मोहम्मद जाकिर उर्फ बकरा निवासी संगम विहार, दिल्ली और बबलू उर्फ दिनेश निवासी गांव रिबई, जिला महोबा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
ऐसे बनाते थे कारों को निशाना
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपी ठक-ठक गैंग के सक्रिय सदस्य हैं। ये पहले बाजारों, मॉल और सुनसान जगहों पर खड़ी कारों की रेकी करते थे। जब इन्हें लगता कि कार के आसपास कोई नहीं है और अंदर लैपटॉप, बैग या कोई कीमती सामान रखा है, तो ये तुरंत कार का शीशा तोड़कर सामान चोरी कर फरार हो जाते थे।
2018 में की थी लैपटॉप की चोरी
पुलिस के मुताबिक, अगस्त 2018 में डीएलएफ फेज-1 के पॉश इलाके कुतुब प्लाजा के पास खड़ी एक कार को निशाना बनाया गया था। आरोपियों ने कार का शीशा तोड़कर उसमें रखा लैपटॉप और अन्य कीमती सामान चोरी कर लिया था। इस मामले में पीड़ित की शिकायत पर डीएलएफ फेज-1 थाने में केस दर्ज किया गया था। जांच में दोनों आरोपियों की भूमिका सामने आई, लेकिन वे गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार फरार रहे। कोर्ट की ओर से बार-बार समन जारी होने के बाद भी पेश नहीं होने पर दोनों को भगोड़ा अपराधी घोषित कर दिया गया था।
26 मामलों में घोषित थे भगोड़े
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों को गुरुग्राम और दिल्ली समेत कुल 26 आपराधिक मामलों में अदालत ने भगोड़ा घोषित किया हुआ था। वहीं, एसीपी ललित ने बताया कि पुराने रिकॉर्ड की जांच में दोनों के खिलाफ गुरुग्राम में चोरी के 3 और दिल्ली में चोरी के 8 मामलों समेत कुल 11 मामलों में वांछित होने की जानकारी सामने आई है।
गैंग के दूसरे सदस्यों की तलाश
पुलिस अब दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। जांच की जा रही है कि गैंग में इनके साथ और कौन-कौन शामिल है और चोरी का सामान कहां ठिकाने लगाया जाता था। दोनों को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि शहर में सक्रिय दूसरे फरार अपराधियों को पकड़ने के लिए भी अभियान जारी रहेगा।
