घर के अंदर चल रहा था कौन-सा खेल? DLF फेज-2 में 22 प्रॉपर्टी सील, OYO तक पर ताला!

गुरुग्राम के सबसे पॉश इलाकों में शामिल DLF फेज-2 में अगर आप रहते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। यहां घरों के अंदर चल रहे क्लिनिक, ऑफिस, PG और होटल पर अचानक सरकारी कार्रवाई हुई। हालात ऐसे बने कि एक क्लिनिक को सील करने पहुंची टीम को लोगों ने घेर लिया और अधिकारियों के साथ तीखी बहस शुरू हो गई। पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा। लेकिन विरोध के बावजूद विभाग ने अपना अभियान नहीं रोका।

दरअसल, जिला नगर योजनाकार प्रवर्तन (DTPE) की टीम ने शुक्रवार देर शाम DLF फेज-2 में अवैध व्यावसायिक गतिविधियों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। DTPE अमित मधोलिया के नेतृत्व में पहुंची टीम ने पुलिस की मौजूदगी में कुल 22 संपत्तियों को सील कर दिया।

क्लिनिक सील करने पर हुआ भारी विरोध
कार्रवाई के दौरान गुलमोहर मार्ग स्थित मकान नंबर 49 के बेसमेंट में चल रहे अंतारा वेलनेस सेंटर के क्लिनिक को सील किया गया। वहीं, आकाशनीम मार्ग के मकान नंबर 19 में चल रहे डेंटल क्लिनिक पर भी ताला लगा दिया गया। क्लिनिक सील करने की कार्रवाई शुरू होते ही संचालक और वहां मौजूद लोग भड़क गए। उन्होंने अधिकारियों को घेर लिया और जमकर बहस की। स्थिति बिगड़ती देख पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव किया। इसके बाद टीम ने कार्रवाई पूरी की।

OYO होटल के 12 कमरे भी किए सील
इस अभियान में सिर्फ क्लिनिक ही नहीं, बल्कि होटल, PG, जिम, दुकानें और ऑफिस भी विभाग के निशाने पर रहे। दक्षिण मार्ग स्थित डीएम-14 में चल रहे 12 कमरों वाले OYO होटल के सभी कमरे सील कर दिए गए। इसके अलावा कई मकानों के बेसमेंट में चल रहे ऑफिस और दुकानों पर भी कार्रवाई हुई। कुछ इमारतों में पूरी मंजिलों पर ऑफिस और PG संचालित किए जा रहे थे।

PG से लेकर पंचकर्म सेंटर तक पर कार्रवाई
विभाग की टीम ने डीएम-7 में चल रहे PG, दुकानें और ऑफिस सील किए। डीएम-12 में बेसमेंट का जिम और पहली मंजिल का ऑफिस सील किया गया। डीएम-8 में डेंटल क्लिनिक और डीएम-6 में बेटर-वे आयुर्वेदिक पंचकर्म उपचार केंद्र पर कार्रवाई की गई। वहीं, डीएम-5 में ग्रो मोर जनरल स्टोर और सब्जी की दुकान, के-3/1 में स्टेशनरी की दुकान और 8 कमरों में चल रहे PG को भी सील किया गया। के-2/1 में फिजियोथेरेपी क्लिनिक के खिलाफ भी कार्रवाई हुई।

अभी और प्रॉपर्टी पर गिर सकती है गाज!
DTPE अमित मधोलिया के मुताबिक, रिहायशी मकानों में नियमों और स्वीकृत भू-उपयोग के खिलाफ व्यावसायिक गतिविधियां चलाने की अनुमति नहीं है। इसी के तहत यह अभियान चलाया जा रहा है। विभाग ने साफ कर दिया है कि कार्रवाई अभी खत्म नहीं हुई है। शनिवार को भी सीलिंग अभियान जारी रहेगा। इसके बाद अगले सप्ताह DLF फेज-2 के दूसरे ब्लॉकों में भी निरीक्षण किया जाएगा। यानी आने वाले दिनों में DLF फेज-2 में चल रहे अवैध PG, गेस्ट हाउस, क्लिनिक और ऑफिस पर विभाग का शिकंजा और कस सकता है।

More From Author

एक बाइक, एक ऑटो और 61 चालान! क्या आप भी करते हैं ऐसी गलती?

राजीव चौक पर आखिर क्या बदलने वाला है? जाम खत्म करने के लिए पुलिस का बड़ा प्लान!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *